Samachar Nama
×

अमरनाथ यात्रा के लिए 9 जुलाई तक ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण के टोकन फुल: डिविजनल कमिश्नर

अमरनाथ यात्रा के लिए 9 जुलाई तक ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण के टोकन फुल: डिविजनल कमिश्नर
अमरनाथ यात्रा के लिए 9 जुलाई तक ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण के टोकन फुल: डिविजनल कमिश्नर

जम्मू, 4 जुलाई (आईएएनएस)। अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में इस वर्ष भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जम्मू पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर ही जम्मू आएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जम्मू के डिविजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने बताया कि 3 जुलाई से श्री अमरनाथ यात्रा का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है और प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही सुनिश्चित कर दी गई थीं। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षा से काफी अधिक है, खासकर ऐसे यात्रियों की, जिन्होंने पहले से पंजीकरण नहीं कराया था और अब जम्मू पहुंचकर तत्काल पंजीकरण कराना चाह रहे हैं।

रमेश कुमार ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतिदिन यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या निर्धारित है। ऐसे में पहले से पंजीकृत श्रद्धालुओं को प्राथमिकता दी जाती है और उनके बाद बची हुई निर्धारित संख्या के अनुसार ही मौके पर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। अनरजिस्टर्ड श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण 9 जुलाई तक ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण के लिए सभी टोकन पहले ही वितरित किए जा चुके हैं।

डिविजनल कमिश्नर ने कहा कि जो श्रद्धालु अभी अपनी यात्रा की योजना बना रहे हैं और जिनका पहले से पंजीकरण नहीं हुआ है, वे फिलहाल 9 जुलाई से पहले जम्मू आने से बचें। इससे यात्रियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होगी और प्रशासन भी बेहतर ढंग से व्यवस्थाएं संचालित कर सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन श्रद्धालुओं का प्री-रजिस्ट्रेशन पहले से हो चुका है और जिन्हें यात्रा की निर्धारित तिथि मिल चुकी है, वे बिना किसी चिंता के अपनी यात्रा जारी रख सकते हैं। प्रशासन, श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड और जम्मू-कश्मीर पुलिस उनके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।

रमेश कुमार ने कहा कि जिन श्रद्धालुओं का अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है, उन्हें भी सुविधा दी जाएगी, लेकिन पहले से मौजूद यात्रियों के पंजीकरण के बाद ही उनकी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि वे अपनी यात्रा उसी के अनुसार योजनाबद्ध करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर प्रशासन और जम्मू-कश्मीर पुलिस सभी श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने भगवती नगर स्थित श्री अमरनाथ यात्री निवास बेस कैंप और तवी रिवरफ्रंट का दौरा किया।

मुख्य सचिव ने वहां श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण केंद्रों, यात्री सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से पहले पंजीकरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त करें और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags