8वीं पास के लिए शानदार मौका: कोचीन शिपयार्ड में रिगर के 40 पदों पर भर्ती शुरू, 30 मई तक करें आवेदन
तिरुवनंतपुरम, 7 मई (आईएएनएस)। कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) ने दो वर्षीय शिक्षुता प्रशिक्षण योजना (एटीएस) के तहत रिगर (मेकेनिक) के कुल 40 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है, जिनमें अनारक्षित (यूआ) के 16, ओबीसी के 13, एससी के 7, और ईडब्ल्यूएस के 4 पद शामिल हैं।
सीएसएल की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान/बोर्ड से आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। कैंडिडेट्स ध्यान दें, ग्रेजुएशन या डिप्लोमा धारक या इस प्रकार की अन्य उच्च योग्यता रखने वाले व्यक्ति आवेदन करने के पात्र नहीं हैं।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 23 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन पात्रता के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, शारीरिक परीक्षण, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रथम वर्ष 11,000 रुपए और दूसरे वर्ष 12,000 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।
वहीं, 2 वर्षों का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद संविदा आधार पर चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी प्रथम वर्ष 22,100 रुपए और अतिरिक्त कार्य घंटों के लिए मुआवजा के तौर पर 5,530 रुपए प्रति माह, द्वितीय वर्ष की सैलरी 22,800 रुपए और अतिरिक्त कार्य घंटों के लिए मुआवजा 5,700 रुपए प्रति माह, और तृतीय वर्ष की सैलरी 23,400 रुपए के साथ अतिरिक्त कार्य घंटों के लिए मुआवजा के तौर पर 5,850 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक हार्ड कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

