Samachar Nama
×

'83वें मिनट में यकीन करना आसान नहीं था', सेनेगल के खिलाफ यादगार वापसी पर बोले बेल्जियम के कोच गार्सिया

'83वें मिनट में यकीन करना आसान नहीं था', सेनेगल के खिलाफ यादगार वापसी पर बोले बेल्जियम के कोच गार्सिया
'83वें मिनट में यकीन करना आसान नहीं था', सेनेगल के खिलाफ यादगार वापसी पर बोले बेल्जियम के कोच गार्सिया

सिएटल, 2 जुलाई (आईएएनएस)। बेल्जियम के मैनेजर रूडी गार्सिया ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सेनेगल के खिलाफ बेल्जियम की जबरदस्त वापसी पर बात करते हुए कहा कि 83वें मिनट में जब उनकी टीम 2-0 से पीछे थी, तो उनके लिए मैच पलटना मुमकिन नहीं लग रहा था, लेकिन हाइड्रेशन ब्रेक के दौरान थोड़ी बातचीत ने टीम को लगभग नामुमकिन वापसी करने में मदद की। बेल्जियम ने सेनेगल को राउंड ऑफ 32 मुकाबले में 3-2 से हराया।

मैच के 85वें मिनट तक बेल्जियम 0-2 से पीछे चल रहा था और टीम की हार लगभग तय लग रही थी। हालांकि, इसके बाद रोमेलु लुकाकू और यूरी टिलेमान्स ने आखिरी पांच मिनट में गोल करते हुए मुकाबले को अतिरिक्त समय में पहुंचाया, जिसके बाद 125वें मिनट में टिलेमान्स ने एक और गोल करते हुए बेल्जियम को 3-2 से जीत दिलाई।

गार्सिया ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "फुटबॉल भावनाओं से भरा होता है। 83वें मिनट में यह यकीन करना आसान नहीं था कि हम वापसी कर सकते हैं। हाइड्रेशन ब्रेक में मैंने खिलाड़ियों से कहा कि अगर हमने एक और गोल किया, तो कुछ भी हो सकता है। हमने ऐसा किया और इससे मैच फिर से खुल गया। अतिरिक्त समय में दोनों टीमों के पास मौके थे, लेकिन मोमेंटम हमारे साथ था। यह एक ऐसा नतीजा है जो हमारे ग्रुप को और मजबूत बना सकता है।"

राउंड ऑफ 16 में अब सोमवार को बेल्जियम का सामना सह-मेजबान अमेरिका से सिएटल स्टेडियम में ही होगा। टीम के पास क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने का सुनहरा मौका होगा। गार्सिया ने कहा कि अब आराम उनकी टीम की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, "हमें रिकवर करने की जरूरत है क्योंकि 120 मिनट पैरों के लिए बहुत ज्यादा होते हैं। हमने आखिर में खिलाड़ियों पर इसका असर देखा।"

गार्सिया ने सेनेगल टीम की भी तारीफ की। उन्होंने माना कि टीम बदकिस्मत थी कि बाहर हो गई। उन्होंने कहा, "हमने एक बेहतरीन सेनेगल टीम के खिलाफ खेला। यह राउंड ऑफ 32 में हमारे लिए सबसे खराब विरोधी था। उनके पास बहुत क्वालिटी है, वे तेज हैं और उन्होंने हम पर बहुत अच्छे से दबाव डाला। आज पिच पर दो बेहतरीन टीमें थीं।"

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story

Tags