दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर 80 पुलिसकर्मियों का प्रदर्शन, ACP और इंस्पेक्टर के तबादले से नाराज; वीडियो में जाने वरिष्ठ अधिकारियों ने मनाने की कोशिश की
दिल्ली पुलिस में अधिकारियों के तबादले को लेकर सोमवार को असंतोष देखने को मिला। ईस्ट दिल्ली में एक ACP और एक इंस्पेक्टर का तबादला किए जाने के विरोध में करीब 80 पुलिसकर्मियों ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। पुलिसकर्मियों ने मुख्यालय के गेट नंबर-1 के बाहर नारेबाजी करते हुए तबादले की कार्रवाई को अनुचित बताया। उनका कहना था कि इस तरह की कार्रवाई से पुलिसकर्मियों का मनोबल गिरता है।सोमवार सुबह अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के मुख्यालय के बाह जुटने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उन्हें प्रदर्शन खत्म करने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मी अपनी मांग पर अड़े रहे।
ACP और इंस्पेक्टर के तबादले से नाराजगी
दरअसल, ईस्ट दिल्ली में तैनात एक ACP और एक इंस्पेक्टर का तबादला किया गया था। इस फैसले से कुछ पुलिसकर्मी नाराज थे। उनका मान था कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ की गई यह कार्रवाई उचित नहीं है। इसी के विरोध में पुलिसकर्मियों ने एकजुट होकर पुलिस मुख्यालय पहुंचने और अपना विरोध दर्ज कराने का फैसला किया।प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों की मांग थी कि तबादले का सामना कर रहे अधिकारियों को उनकी पुरानी पोस्टिंग पर वापस भेजा जाए। उनका कहनाथा कि इस तरह के फैसलों से पुलिस बल के भीतर गलत संदेश जाता है और कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है।
डीसीपी सचिन शर्मा ने की समझाने की कोशिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी (नई दिल्ली) सचिन शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे ACP और अन्य पुलिसकर्मियों से बातचीत की। सचिन शर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मियों को प्रदर्शनकारियों की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए।उन्होंने सभी से पुलिस मुख्यालय के अंदर चलकर अपनी बात रखने का आग्रह किया। अधिकारियों का प्रयास था कि पुलिसकर्मी सड़क पर प्रदर्शन करने के बजाय विभागीय स्तर पर अपनी शिकायत और नाराजगी दर्ज कराएं। हालांकि, प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों ने उनकी बात नहीं मानी और मुख्यालय के बाहर ही डटे रहे।
व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए जुटने का भेजा गया था संदेश
जानकारी के मुताबिक, इस विरोध प्रदर्शन की तैयारी पहले से की गई थी। दिल्ली पुलिस के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप में संदेश भेजे गए थे। इनमें पुलिसकर्मियों से सोमवार सुबह पुलिस मुख्यालय के बाहर इकट्ठा होने की अपील की गई थी।इसका उद्देश्य तबादले का सामना कर रहे अधिकारियों के प्रति समर्थन जताना और उन्हें उनकी पुरानी पोस्टिंग पर वापस भेजने की मांग उठाना था। संदेशों के जरिए अलग-अलग इलाकों में तैनात पुलिसकर्मियों को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कहा गया था।
सभी जिलों के DCP को दिए गए थे निर्देश
दूसरी तरफ, पुलिस प्रशासन ने भी प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पहले से तैयारी की थी। सभी जिलों के डीसीपी और अलग-अलग यूनिट के प्रमुखों से कहा गया था कि वे अपने अधीन काम करने वाले कर्मचारियों को इस विरोध प्रदर्शन के लिए पुलिस मुख्यालय पहुंचने से रोकें।इसके बावजूद सोमवार सुबह करीब 80 पुलिसकर्मी मुख्यालय के गेट नंबर-1 पर पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस विभाग के भीतर तबादले को लेकर इस तरह का विरोध सामने आने के बाद अधिकारियों के बीच भी हलचल बढ़ गई। फिलहाल, पुलिसकर्मियों की मांग और प्रशासन की ओर से की गई बातचीत को लेकर आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

