80 लाख के ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 25 लाख रुपए के शेयर फ्रीज
नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक व्यक्ति को स्टॉक मार्केट में अच्छे रिटर्न का लालच देकर लगभग 80 लाख रुपए ठगे थे। जांच के दौरान पुलिस ने लगभग 25 लाख रुपए के शेयर फ्रीज किए।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, पैसों के लेन-देन का पता लगाए जाने के बाद आरोपियों को दिल्ली और गुरुग्राम से पकड़ा गया। उनकी पहचान दिल्ली के करोल बाग निवासी पीयूष कुमार और गुरुग्राम निवासी जतिन खजोतिया के रूप में हुई।
शिकायतकर्ता को आरोपियों की ओर से शेयर बाजार से संबंधित योजनाओं में निवेश करने के लिए आकर्षक और ऊंचे रिटर्न का झांसा दिया गया था। उनके भरोसे में आकर शिकायतकर्ता ने कई ट्रांजैक्शन के जरिए लगभग 80 लाख रुपए ट्रांसफर किए। बाद में न तो वादा किया गया रिटर्न मिला और न ही निवेश की गई रकम वापस मिली।
पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच के लिए एक टीम गठित की। टीम ने बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, डिजिटल साक्ष्यों और मोबाइल डेटा की बारीकी से जांच की। जिन खातों में पैसे गए थे, उनका विश्लेषण और लगातार टेक्निकल निगरानी के जरिए पुलिस ने ठगी गई रकम के मूवमेंट का पता लगाया और फ्रॉड में शामिल लोगों की पहचान की। इसके बाद, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने शिकायतकर्ता का भरोसा जीता और उसे बहुत अधिक रिटर्न का वादा करके शेयर बाजार और निवेश स्कीम में बड़ी रकम लगाने के लिए राजी किया।
जांच में यह भी पता चला कि ठगी गई रकम का एक हिस्सा कई बेनिफिशियरी अकाउंट्स के जरिए दूसरी जगहों पर भेजा गया और शेयर बाजार के अलग-अलग निवेश साधनों में इन्वेस्ट किया गया। आरोपियों के खुलासों के बाद पुलिस टीम को मनी ट्रेल का पता लगा और अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान की।
आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने लगभग 25 लाख रुपए के शेयर फ्रीज कर दिए। दिल्ली पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पिछली आपराधिक संलिप्तता की पुष्टि की जा रही है। मामले में अन्य लाभार्थियों की पहचान, शेष ठगी की राशि का पता लगाने और धोखाधड़ी के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
डीसीएच/

