Samachar Nama
×

71 की उम्र में भी अनुपम खेर का फिटनेस जोश बरकरार, बोले-मेरे लिए वर्कआउट मेडिटेशन जैसा

71 की उम्र में भी अनुपम खेर का फिटनेस जोश बरकरार, बोले-मेरे लिए वर्कआउट मेडिटेशन जैसा
71 की उम्र में भी अनुपम खेर का फिटनेस जोश बरकरार, बोले-मेरे लिए वर्कआउट मेडिटेशन जैसा

मुंबई, 13 अगस्त (आईएएनएस)। उम्र सिर्फ एक नंबर है और अनुपम खेर इस बात को बार-बार साबित करते नजर आते हैं। 71 साल की उम्र में वह रोजाना जिम जाते हैं, जमकर पसीना बहाते हैं और अपने वर्कआउट की फोटो फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं। अब एक बार फिर अनुपम खेर ने अपना नया जिम का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट वीडियो में अनुपम खेर जिम में अलग-अलग एक्सरसाइज करते नजर आ रहे हैं। वह वजन उठाते हैं और पीठ की मांसपेशियों पर काम करते दिखाई देते हैं। वीडियो में उनका पूरा ध्यान एक्सरसाइज पर है और वह हर कसरत को काफी गंभीरता से करते नजर आते हैं।

इस वीडियो के साथ अनुपम खेर ने कैप्शन के जरिए मांसपेशियों में आ रहे छोटे-छोटे बदलावों को लेकर खुशी जाहिर की। अभिनेता ने लिखा, ''नई-नई छोटी मांसपेशियों को उभरते हुए देखना खुशी की बात है। मेरे लिए वर्कआउट करना किसी मेडिटेशन से कम नहीं है। यह इंसानी जज्बे की एक छोटी सी जीत है। यह किसी भी उम्र और जिंदगी के किसी भी पड़ाव पर हासिल की जा सकती है। जय हो।''

अनुपम खेर ने अपने इस वीडियो में शिव तांडव स्तोत्र की पंक्ति 'जटा तवी गलज्जल प्रवाह पावितस्थले' को बैकग्राउंड म्यूजिक के तौर पर जोड़ा। इस शिव तांडव स्तोत्र को प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन ने अपनी आवाज दी थी।

अनुपम खेर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'खोसला का घोसला-2' को लेकर चर्चाओं में है, जिसकी शूटिंग पूरी चुकी है। इसकी जानकारी खुद अनुपम खेर ने सोशल मीडिया के जरिए दी थी।

प्रशांत बांगिया द्वारा निर्देशित फिल्म 'खोसला का घोसला 2' साल 2006 की चर्चित कल्ट कॉमेडी फिल्म 'खोसला का घोसला' का आगामी सीक्वल है। फिल्म में अनुपम खेर के अलावा, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी, प्रवीण डबास, दिव्या खोसला, रवि किशन और किरण जुनेजा जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

--आईएएनएस

पीके/वीसी

Share this story