Samachar Nama
×

दिल्ली पुलिस ने शाहदरा में महिला से आईफोन छीनने वाले आरोपी को 6 घंटे में किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने शाहदरा में महिला से आईफोन छीनने वाले आरोपी को 6 घंटे में किया गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने शाहदरा में महिला से आईफोन छीनने वाले आरोपी को 6 घंटे में किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के शाहदरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र छह घंटे के अंदर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है और इस घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और चोरी किया गया आईफोन भी बरामद किया है।

दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि प्रिया नाम की महिला ने शाहदरा पुलिस स्टेशन में फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि काबुल नगर, शाहदरा के पास अपने बच्चों को स्कूल कैब में बैठाकर लौटते समय एक स्कूटी सवार अज्ञात व्यक्ति ने उनका सफेद रंग का आईफोन चुरा लिया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और पीसीआर कॉल पर त्वरित प्रतिक्रिया दी गई। इसके बाद शाहदरा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर योगेश कुमार के नेतृत्व में तथा एसीपी शाहदरा की निगरानी में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल मोनू कुमार और हेडकांस्टेबल सुमित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया, तकनीकी निगरानी की मदद ली और स्थानीय मुखबिर से पूछताछ की।

लगातार जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना के मात्र छह घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम विजय कुमार, निवासी न्यू मॉडर्न शाहदरा, दिल्ली (उम्र 24 वर्ष) बताया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और हाल ही में 29 जून 2026 को नशा मुक्ति केंद्र से लगभग दो महीने के उपचार के बाद रिहा हुआ था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सफेद आईफोन और चोरी की गई ग्रे रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है, जिसका उपयोग अपराध में किया गया था।

फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह अन्य झपटमारी या चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अब तक उसके खिलाफ कोई पुराना आपराधिक मामला दर्ज नहीं पाया गया है।

--आईएएनएस

एसएके/एएस

Share this story

Tags