56 वर्ष वालों के लिए सुप्रीम कोर्ट में निकली भर्ती, 15 कोर्ट मास्टर पदों के लिए 27 अक्टूबर तक मौका
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया (एससीआई) ने उच्च न्यायालयों और जिला न्यायालयों में कार्यरत पात्र उम्मीदवारों से कोर्ट मास्टर (शॉर्टहैंड) के 15 (संभावित) रिक्त पदों को प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) के आधार पर भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से कोर्ट मास्टर (शॉर्टहैंड) पोस्ट के लिए जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) और डाक के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 12 अक्टूबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 27 अक्टूबर तक तय की गई है। जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से डिग्री, शॉर्टहैंड (अंग्रेजी) में 120 शब्द प्रति मिनट की गति के साथ शॉर्टहैंड में दक्षता; कंप्यूटर चलाने का ज्ञान, जिसमें कंप्यूटर पर टाइपिंग की गति 40 शब्द प्रति मिनट हो। नियमित आधार पर समतुल्य पद पर कार्यरत होना या प्राइवेट सेक्रेटरी/सीनियर पीए/पीए/सीनियर स्टेनोग्राफर के कैडर में कम से कम 5 वर्षों की नियमित सेवा किए होने चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 27 अक्टूबर के आधार पर की जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग और अंग्रेजी भाषा में 120 शब्द प्रति मिनट की गति से शॉर्टहैंड कौशल परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसके अलावा उम्मीदवारों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को पहले स्कैन कर एक ही पीडीएफ फाइल में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल कर दें। इसके बाद आवेदन पत्र और दस्तावेजों को एक लिफाफे में डालकर उसे 'भर्ती सेल, भारत का सर्वोच्च न्यायालय, तिलक मार्ग, नई दिल्ली 110001' पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।
--आईएएनएस
डीके/वीसी

