50 वर्ष वालों के लिए एनसीडीसी में नौकरी का मौका, चीफ डायरेक्टर पद पर आवेदन शुरू, जानें सैलरी
नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) ने सीधी भर्ती के आधार पर मुख्य निदेशक (चीफ डायरेक्टर) के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके योग्य व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एनसीडीसी की ओर से जारी रिक्तियों में मुख्य निदेशक (मानव संसाधन), मुख्य निदेशक (सामान्य प्रबंधन), मुख्य निदेशक (चीनी) और मुख्य निदेशक (एमआईएस) के 1-1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 8 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 25 जून तय की गई है। ऐसे में चीफ डायरेक्टर पदों पर नियुक्त होने की इच्छा रखने वाले जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार मानव संसाधन में मास्टर डिग्री/कार्यकारी एमबीए/2 वर्षीय पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा, सहकारी प्रबंधन/सहकारी विकास/कृषि व्यवसाय/ग्रामीण विकास में मास्टर डिग्री/कार्यकारी एमबीए/2 वर्षीय पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा, चीनी इंजीनियरिंग/चीनी प्रौद्योगिकी में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री/पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा, कंप्यूटर विज्ञान/सूचना प्रौद्योगिकी में बीटेक या एमसीए होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में 15 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक रिकॉर्ड/अंकों के प्रतिशत/अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा/कौशल परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 1,23,100 से 2,15,900 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,200 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/मानदंड विकलांगता वाले व्यक्ति (40% से कम मानक विकलांगता नहीं)/पूर्व सैनिक/विभागीय उम्मीदवार (एनसीडीसी कर्मचारी) को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनसीडीसी के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। इसके बाद पूर्ण आवेदन पत्र को सभी संबंधित डॉक्यूमेंट के साथ 'निदेशक (पी एंड ए), राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम, 4, सिरी संस्थागत क्षेत्र, हौज खास, नई दिल्ली-110016' के कार्यालय पर तय समय सीमा के अंदर तक पंजीकृत डाक/कूरियर/हाथ से भेज दें।
--आईएनएस
डीके

