Samachar Nama
×

50वें जन्मदिन से पहले शेखर रावजियानी ने याद किया अपना संगीत सफर, बोले- मन अच्छा दिल एकदम मस्त

50वें जन्मदिन से पहले शेखर रावजियानी ने याद किया अपना संगीत सफर, बोले- मन अच्छा दिल एकदम मस्त
50वें जन्मदिन से पहले शेखर रावजियानी ने याद किया अपना संगीत सफर, बोले- मन अच्छा दिल एकदम मस्त

मुंबई, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। संगीतकार और गायक शेखर रावजियानी अपनी जिंदगी के एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहे हैं। गुरुवार को गायक ने अपने लंबे सफर को याद करते हुए आभार जताया और उन सभी लोगों का धन्यवाद दिया, जो वर्षों से उनके साथ खड़े रहे हैं।

गायक शेखर रावजियानी ने इंस्टग्राम पर अपनी एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने नए सफर की शुरुआत करने के लिए उत्सुकता जाहिर की। गायक ने लिखा, "सोचकर अजीब लगता है कि एक महीने बाद मैं 50 साल का हो जाऊंगा। जिन भी लोगों ने मुझे प्यार दिया, मेरे साथ खड़े रहे और सच्चे दिल से मेरी परवाह की, उन सभी का दिल से शुक्रिया। आप लोगों ने इन वर्षों को इतना खास बनाया है, जितना आप सोच भी नहीं सकते।"

उन्होंने लिखा, "ये 50 साल एक शानदार शुरुआत जैसे रहे। जो भी सबक मिले, उतार-चढ़ाव आए, संगीत, लोग, प्यार इन सबने ही मुझे यहां तक पहुंचाया है और अब अगले अध्याय के लिए दोगुनी मेहनत और भी ज्यादा जुनून के साथ कुछ नया करने, सीखने, आगे बढ़ने और जिंदगी को जीने की भूख है। सेहत अच्छी है। मन अच्छा है। दिल एकदम मस्त है। 50, मैं आ रहा हूं। चलो, शुरू करते हैं।"

संगीतकार और गायक शेखर रावजियानी की आवाज को उनकी रूहानी और मधुर शैली के लिए जाना जाता है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने विज्ञापनों (जिंगल्स) से की थी। इसके बाद उन्होंने लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा' (1997) में बतौर प्रतिभागी हिस्सा लिया था। 1999 में उनकी मुलाकात विशाल डडलानी से हुई और दोनों ने मिलकर संगीतकार जोड़ी 'विशाल-शेखर' बनाई।

इस जोड़ी ने साल 1999 में आई फिल्म 'प्यार में कभी कभी' से बतौर संगीतकार अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत की। उनकी जोड़ी ने 'झंकार बीट्स' (2003), 'दस', 'ओम शांति ओम', 'बचत बचना', 'आई हेट लव स्टोरीज़', 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर', 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'सुल्तान', 'वॉर' और 'बेफिक्रे' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों के लिए संगीत दिया है। उन्होंने 70 से अधिक फिल्मों में 600 से ज्यादा गाने कंपोज किए हैं।

--आईएएनएस

एनएस/वीसी

Share this story