सुभाष घई ने की आमिर खान की जमकर तारीफ, गिनाईं उनकी 5 बड़ी उपलब्धियां
मुंबई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर सुभाष घई सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर अपने विचार शेयर करते रहते हैं। गुरुवार को फिल्ममेकर ने बताया कि उनके एक्टिंग स्कूल व्हिसलिंग वुड्स में 'सेलिब्रेट सिनेमा 2026' के कार्यक्रम में आमिर खान बतौर गेस्ट आएंगे और उनकी फिल्म 'सितारे जमीन पर' की स्क्रीनिंग होगी।
सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर आमिर खान के साथ तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने आमिर खान की प्रशंसा करते हुए उनके द्वारा अब तक की गई उपलब्धियों को भी गिनाया। सुभाष घई ने लिखा, "आमिर खान में ऐसा क्या खास है?"
उन्होंने आगे लिखा, "आमिर खान फिल्म लगान के जरिए भारतीय फिल्मों को ऑस्कर तक ले गए और पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया। फिल्म 'दंगल' में उन्होंने पिता का किरदार निभाया और ऐसी फिल्म बनाई, जो चीन समेत पूरी दुनिया में सुपरहिट साबित हुई। 'तारे जमीन पर' जैसी उन्होंने ऐसी शानदार फिल्म बनाई थी, जिसने डिस्लेक्सिया को लेकर लोगों की सोच ही बदल दी।
निर्देशक ने आमिर की साल 2025 में रिलीज हुई फिल्म 'सितारे जमीन पर' की तारीफ करते हुए लिखा, "दिव्यांग लोगों के जज्बे पर बनी इस फिल्म को आमिर ने न सिर्फ बनाया है बल्कि उन्होंने इसमें अभिनय भी किया है, जो एक यादगार सुपरहिट रही।"
उन्होंने आमिर खान को सिनेमा का सबसे पसंदीदा अभिनेता बताया। सुभाष घई ने लिखा, "आमिर खान बड़े पर्दे के सबसे पसंदीदा और हर तरह के किरदार निभाने वाले अभिनेता हैं। साथ ही वह एक बेहतरीन प्रोड्यूसर, विचारक, समाजसेवी और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सच्चे दोस्त भी हैं। अब 7 अक्टूबर को व्हिसलिंग वुड्स में 'सेलिब्रेट सिनेमा 2026' का उद्घाटन होगा, जिसमें उनकी फिल्म 'सितारे जमीन पर' की स्क्रीनिंग होगी।"
स्पोर्ट्स कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'सितारे जमीन पर' में आमिर खान ने गुलशन अरोड़ा नामक गुस्सैल बास्केटबॉल कोच का किरदार निभाया था। यह स्पेनिश फिल्म 'चैंपियंस' का रीमेक है और इसे आमिर खान की 2007 में आई फिल्म 'तारे जमीन पर' की आध्यात्मिक उत्तरकथा माना जाता है। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। अब यह फिल्म सोनी लिव पर स्ट्रीम हो रही है।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम

