पंजाब : गुरदासपुर में हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़, 13 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने हथियारों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गुरदासपुर पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार हथियार तस्करी मॉड्यूल को नाकाम कर दिया है।
पंजाब के डीजीपी ने 'एक्स' पर पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी है। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 6 पिस्तौल, .30 कैलिबर और 9एमएम के 49 कारतूस बरामद किए हैं।
शुरुआती जांच में पता चला है कि हथियारों की तस्करी ड्रोन के जरिए की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों में से एक का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े 26 मामले दर्ज हैं।
इस मामले में गुरदासपुर के डोरांगला थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक का पता लगाने और सीमा पार हथियार तस्करी मॉड्यूल में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है। पंजाब पुलिस ने कहा है कि वह आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने, सीमा पार हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पहले 9 सितंबर को पंजाब पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंड़ाफोड़ किया था, जो अवैध हथियारों की आपूर्ति करने में सक्रिय था। पुलिस ने इस गिरोह में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस इन सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। इन आरोपियों के पास से दो एके-47 राइफल, 3 मैगजीन और 50 कारतूस बरामद किए गए थे। पुलिस ने इस कार्रवाई के बारे में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर जानकारी दी थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस जांच में पता चला था कि इस गिरोह में संलिप्त आरोपी विदेश में बैठे आपूर्तिकर्ता के संपर्क में थे। इस गिरोह में शामिल लोग विदेश में हथियार प्राप्त करके पंजाब में बैठे लोगों को देते थे। आमतौर पर यह हथियार राज्य में आपराधिक तत्वों के लोगों को आपूर्ति की जाती थी ताकि वो राज्य में आपराधिक गतिविधियों में तेजी ला सके।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम

