मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: असम में बनेगा नया एयरपोर्ट, वीडियो में जाने मशीन निर्माण पर खर्च होंगे 11 हजार करोड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें देश के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास से जुड़े पांच बड़े फैसले लिए गए। सरकार ने असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर करीब 2,014 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा बुलडोजर, क्रेन, सुरंग खोदने वाली मशीनों और भारी निर्माण उपकरणों का देश में ही उत्पादन बढ़ाने के लिए अगले आठ वर्षों में 11 हजार करोड़ रुपए खर्च करने की योजना को भी आगे बढ़ाया गया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का उद्देश्य निर्माण क्षेत्र में भारत की विदेशी मशीनों पर निर्भरता कम करना और घरेलू उद्योगों को मजबूत बनाना है।
असम के सिलचर में बनेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
कैबिनेट ने असम के सिलचर स्थित डोलू में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर लगभग 2,014 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह एयरपोर्ट बांग्लादेश की सीमा से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित होगा।नए एयरपोर्ट के निर्माण से असम के बराक घाटी क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे यात्रियों के साथ-साथ व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है। सिलचर पूर्वोत्तर भारत का महत्वपूर्ण शहर है और यहां बेहतर हवाई सुविधाओं की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी।
भारी मशीनें बनाने के लिए 11 हजार करोड़ का निवेश
कैबिनेट के फैसलों में निर्माण उपकरण उद्योग को बढ़ावा देना भी शामिल है। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश में सड़क, पुल और सुरंग निर्माण की परियोजनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसके कारण बुलडोजर, क्रेन, खुदाई करने वाली मशीनों और अन्य भारी उपकरणों की मांग लगातार बढ़ रही है।फिलहाल भारत में इन मशीनों की आधे से ज्यादा जरूरत विदेशों से आयात करके पूरी की जाती है। सरकार अब अगले आठ वर्षों में 11 हजार करोड़ रुपए खर्च कर इनका घरेलू उत्पादन बढ़ाएगी।इस योजना के तहत JCB जैसी बड़ी कंपनियों के साथ-साथ मशीनों के छोटे-छोटे पुर्जे बनाने वाली कंपनियों को भी आर्थिक सहायता दी जाएगी। इससे देश में मशीन निर्माण से जुड़ी पूरी सप्लाई चेन विकसित करने में मदद मिलेगी।
मशीनों की जांच के लिए बनेगा विशेष सेंटर
सरकार ने निर्माण उपकरणों की गुणवत्ता और तकनीकी जांच के लिए अलग सेंटर बनाने का भी फैसला किया है। इसके लिए ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) को 375 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।अश्विनी वैष्णव ने बताया कि सुरंग खोदने जैसी एक बड़ी मशीन तैयार करने में 500 से 600 कंपनियों के अलग-अलग पुर्जों की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में इस क्षेत्र में छोटे और मध्यम उद्योगों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है।
घरेलू कंपनियों को मिलेगा बढ़ावा
सरकार की इस पहल से निर्माण उपकरण बनाने वाली भारतीय कंपनियों को नई तकनीक और उत्पादन क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही मशीनों के आयात पर निर्भरता कम करने और देश में रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिल सकती है।कैबिनेट के इन फैसलों का मुख्य उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करना और भारी निर्माण मशीनों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना है। इससे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के साथ देश के औद्योगिक क्षेत्र को भी गति मिलने की उम्मीद है।

