49वीं जूनियर टीम चैंपियनशिप: कर्नाटक के लड़के बने चैंपियन, तमिलनाडु की बेटियों ने खिताब पर जमाया कब्जा
गंगटोक, 15 नवंबर (आईएएनएस)। 49वीं इंटर-स्टेट इंटर-जोनल जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में कर्नाटक के लड़कों और तमिलनाडु की लड़कियों ने अपने-अपने फाइनल मुकाबले 2-0 से जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया।
इस बार प्रतियोगिता में नया चैंपियन बनने का मौका खुला हुआ था, क्योंकि पिछले संस्करण के विजेता मिजोरम के लड़के और तेलंगाना की लड़कियां इंटर-जोनल चरण के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके थे। ऐसे में कर्नाटक और तमिलनाडु ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
लड़कों के फाइनल में, कर्नाटक ने असम को 2-0 से मात दी, जबकि तमिलनाडु की लड़कियों ने पिछले संस्करण की सिल्वर मेडलिस्ट दिल्ली को 2-0 से हराया।
लड़कियों की टीम फाइनल में, 2025 एशियन अंडर-17 गर्ल्स सिंगल्स चैंपियन दीक्षा एसआर ने ऋषिका नंदी को 15-12, 15-12 से मात देकर तमिलनाडु को जीत के साथ शुरुआत दिलाई। इसके बाद, अनन्या अरुण और अंजना मणिकंदन की महिला डबल्स जोड़ी ने नंदी और इशिता नेगी को 16-14, 12-15, 15-10 से हराकर जीत सुनिश्चित कर दी।
लड़कों के सिंगल्स फाइनल में, हार्दिक दिव्यांश ने 2023 एशियन अंडर-15 चैंपियन बोर्निल चांगमई को हराया। इसके बाद पवन और पुनीत सुरेश की मजबूत जोड़ी ने चांगमई और अनायन बोराह को 9-15, 15-10, 7-15 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया।
शनिवार को, लड़कियों के इवेंट में महाराष्ट्र ने असम को 2-0 से हराया, जबकि लड़कों के इवेंट में हरियाणा ने महाराष्ट्र को इसी अंतर से मात दी। उत्तराखंड के लड़कों और लड़कियों ने मेजबान सिक्किम को दोनों इवेंट्स में हराकर सेमीफाइनल (अंतिम चार) में जगह बनाई।
एक ऐतिहासिक कदम के तहत, इस प्रतिष्ठित नेशनल चैंपियनशिप में अंपायरिंग के लिए देश भर से 17 अंपायरों को चुना गया है। इन अंपायरों का चयन इस साल की शुरुआत में जयपुर में आयोजित 'ऑल इंडिया रैंकिंग टूर्नामेंट (अंडर-15/अंडर-17)' में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
--आईएएनएस
आरएसजी

