Samachar Nama
×

'तुम से तुम तक' ने पूरे किए 400 एपिसोड, निहारिका चौकसे ने कहा-ये अनु-आर्या के प्यार का सबूत है

'तुम से तुम तक' ने पूरे किए 400 एपिसोड, निहारिका चौकसे ने कहा-ये अनु-आर्या के प्यार का सबूत है
'तुम से तुम तक' ने पूरे किए 400 एपिसोड, निहारिका चौकसे ने कहा-ये अनु-आर्या के प्यार का सबूत है

मुंबई, 14 अगस्त (आईएएनएस)। टेलीविजन सीरियल 'तुम से तुम तक' ने 400 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। सीरियल की मुख्य कलाकार अभिनेत्री निहारिका चौकसे ने आईएएनएस के साथ खुशी जाहिर करते हुए बताया कि यह माइलस्टोन शो की लीड जोड़ी अनु और आर्या के रिश्ते का सबूत है।

अभिनेत्री ने कहा, "400 एपिसोड पार करना हम सभी लोगों के लिए खास है, क्योंकि अनु (निहारिका चौकसे द्वारा निभाया गया किरदार) मेरे सिर्फ एक कलाकार से कहीं ज्यादा बन गई है। अनु और आर्या को हमारे दर्शकों से जो प्यार मिला है, वह बहुत जबरदस्त है और मुझे पता है कि फैंस ने कितनी बार हमसे कहा कि वे अनु और आर्या को और साथ में देखना चाहते हैं। इसलिए यह सच में एक्साइटिंग है कि आने वाले एपिसोड में उनके बीच और भी रोमांस और मोमेंट्स होंगे।"

अभिनेत्री ने फैंस की उत्सुकता को और आगे बढ़ाते हुए बताया कि शो में दर्शकों को बहुत कुछ देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमारें फैंस लगातार अनु-आर्या के और सीन मांग रहे थे, उन्हें अब बहुत कुछ देखने को मिलेगा। उनकी पहली मुलाकात से लेकर इतनी सारी मुश्किलों को पार करने और आखिरकार शादी करने तक, ऑडियंस हर चैप्टर का हिस्सा रही है और 400 एपिसोड तक पहुंचना उस बॉन्ड के सेलिब्रेशन जैसा लगता है। मैं सच में इतने प्यार और उन सभी लोगों की शुक्रगुजार हूं जो अनु और आर्या को सपोर्ट करते रहते हैं।"

अभिनेत्री ने अपने किरदार अनु के बारे में बताया, "जब मैं अनु के सफर को पीछे मुड़कर देखती हूं, तो मुझे सच में लगता है कि उसने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। ऐसे पल थे जब उसके लिए सब कुछ बिखरता हुआ लग रहा था, लेकिन उसने कभी प्यार पर विश्वास करना नहीं छोड़ा।"

उन्होंने कहा, "अनु के बारे में जो बात मुझे सबसे ज्यादा पसंद है, वह यह है कि उसका प्यार कभी अंधा या इंपल्सिव नहीं था। यह भरोसे, सब्र और समझ से आया।"

'तुम से तुम तक' जी टीवी पर प्रसारित होने वाला एक लोकप्रिय हिंदी रोमांटिक ड्रामा टेलीविजन सीरियल है। यह शो एक उम्रदराज अमीर व्यवसायी आर्या और एक युवा लड़की अनु के बीच की अनोखी प्रेम कहानी और उनके रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमता है। यह शो मशहूर मराठी सीरियल 'तुला पाहते रे' का रीमेक है।

--आईएएनएस

एनएस/वीसी

Share this story