4 मई से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ेंगे जोश इंग्लिस
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जोश इंग्लिस के 4 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल मुकाबले से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से जुड़ने की उम्मीद है। इंग्लिस ने 18 अप्रैल को अपनी शादी प्लान की थी, जिससे पहले वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का हिस्सा नहीं थे। भारत आने से पहले वह कुछ और हफ्ते खेल से दूर रहेंगे।
जोश इंग्लिस ने साल 2025 में पंजाब किंग्स की ओर से 11 मुकाबले खेले थे, जिसमें 162.57 के स्ट्राइक रेट से 278 रन बनाए। इस दौरान उनके नाम एक अर्धशतक भी रहा, लेकिन 2026 की नीलामी से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया। इसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स ने इंग्लिस को 8.6 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा, लेकिन वह इस सीजन के शुरुआती बड़े हिस्से से बाहर रहे हैं।
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स 6 में से 4 मैच गंवा बैठी है। यह टीम फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर है। अगर इंग्लिस 4 मई से टीम के लिए उपलब्ध रहते हैं, तो वह लीग स्टेज के अंतिम 6 मुकाबले खेल सकते हैं। इस बीच टीम मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ 1-1 मैच खेलेगी, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध उसके 2 मुकाबले होंगे। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि वे अपनी टीम कॉम्बिनेशन में कैसे बदलाव करते हैं।
फिलहाल लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम में मिचेल मार्श, एडेन मार्करम और निकोलस पूरन खेल रहे हैं। यह फ्रेंचाइजी हमेशा चौथे विदेशी खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं करती। साउथ अफ्रीकी स्पिनर जॉर्ज लिंडे पिछले तीन में से दो मैच खेले हैं। वहीं, खराब फॉर्म से जूझ रहे पूरन 6 पारियों में सिर्फ 51 रन जुटा सके हैं।
इस बीच तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्त्जे बीते हफ्ते एलएसजी के कैंप को छोड़ चुके हैं, जिन्होंने इस सीजन सिर्फ 1 ही मैच खेला था। उस मुकाबले में नॉर्त्जे 4 ओवरों में 39 रन देकर कोई विकेट हासिल नहीं कर सके थे।
--आईएएनएस
आरएसजी

