बंगाल में ममता का सत्ता से बाहर होना तय : तरुण चुघ
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि वे हताशा, निराशा और कुठित मानसिकता से ग्रस्त होकर अपने कार्यकर्ताओं को भड़काने की कोशिश कर रही हैं। उनकी विदाई तय है और 4 मई को ममता बंगाल की सत्ता से बाहर हो जाएंगी।
आईएएनएस से बातचीत में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने सीएम ममता बनर्जी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी गिरफ्तारी का डर दिखाकर, झूठ, भ्रम और भय की नीति अपनाकर अपने कार्यकर्ताओं को उकसा रही हैं। यह बयान केवल भय का माहौल बनाने की रणनीति है। बंगाल की जनता जिहादी मानसिकता और देश-विरोधी ताकतों का जवाब वोट से देगी। 4 मई को ममता का जाना तय है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की चिट्ठी पर चुघ ने तंज कसते हुए कहा कि गांधी-नेहरू परिवार की कांग्रेस पार्टी ने सत्तर सालों तक महिलाओं को न सुरक्षा दी और न ही उन्हें सशक्त बनाया। उन्होंने देश की 50 प्रतिशत आबादी को आगे बढ़ने से रोककर रखा। जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब चुप्पी साधे रखी जाती थी, अटकलें लगाई जाती थीं और जान-बूझकर रुकावटें पैदा की जाती थीं। मामलों में देरी करना और उन्हें लटकाए रखना कांग्रेस का तरीका था।
चुघ ने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बिल को ‘कोल्ड स्टोरेज’ से बाहर निकाला है और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के जरिए महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का काम मजबूत किया। आज फिर कांग्रेस रुकावट डालने की कोशिश कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। यह कांग्रेस का दोहरा चरित्र है।
उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो यह बिल आगे क्यों नहीं बढ़ाया गया। आज देश की 50 प्रतिशत आबादी प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद कर रही है, वहीं कांग्रेस पर सवाल उठा रही है कि आप रुकावट क्यों डाल रहे हैं। यह साफ तौर पर अवसरवादी और दोहरा चरित्र दिखाई देता है।
पंजाब का जिक्र करते हुए तरुण चुघ ने कहा कि पूरा पंजाब जानना चाहता है कि पंजाब सरकार को यह विधेयक लाने में इतनी देरी क्यों हुई।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम

