393 करोड़ की लागत, 30 हजार की दर्शक क्षमता, जानें गोरखपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की तमाम खासियत
नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश को तीसरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखेंगे। 393 करोड़ की लागत से इस स्टेडियम को तैयार किया जाएगा। यह स्टेडियम तमाम सुविधाओं से लैस होगा। आइए आपको बताते हैं कि मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजोक्ट माने जा रहे इस स्टेडियम में क्या-क्या खास होगा।
गोरखपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को पूरी तरह से तैयार करने की समय सीमा 23 दिसंबर 2027 रखी गई है। इस स्टेडियम को 46 एकड़ क्षेत्रफल में तैयार किया जाएगा और ग्राउंड की दर्शक क्षमता 30 हजार होगी। स्टेडियम के पूर्वी स्टैंड में 14,490 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था रहेगी, तो पश्चिमी स्टैंड में भी 14,490 दर्शक बैठकर मैच का लुत्फ उठा पाएंगे।
स्टेडियम को 'ग्राउंड प्लस टू फ्लोर' के डिजाइन पर विकसित करने की योजना है। मैदान पर कुल 7 प्लेइंग पिच तैयार की जाएंगी जबकि खिलाड़ियों की प्रैक्टिस के लिए चार पिच अलग से होंगी। स्टेडियम के नॉर्थ पवेलियन में 208 वीआईपी लोगों के बैठने की सुविधा होगी जबकि 382 सीटें मीडियाकर्मियों के लिए रखी जाएंगी। साउथ पवेलियन में 1708 वीवीआईपी और वीआईपी के बैठने का खास इंतजाम मौजूद होगा।
अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखते हुए रात में होने वाले मुकाबलों के लिए चार हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। माना जा रहा है कि क्रिकेट मैच के अलावा इस स्टेडियम में अन्य खेलों और बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन भी किए जाएंगे। गोरखपुर इंटरनेशनल स्टेडियम कनेक्टिविटी के लिहाज से भी शानदार होगा। इस स्टेडियम से गोरखपुर एयरपोर्ट 24 किलोमीटर की दूरी पर होगा, तो रेलवे स्टेशन तकरीबन 20 किलोमीटर दूर होगा। यह स्टेडियम गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन राजमार्ग से भी जुड़ा हुआ होगा।
उत्तर प्रदेश में यह तीसरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम होगा। फिलहाल, कानपुर में ग्रीन पार्क स्टेडियम है जबकि लखनऊ में भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम मौजूद है। इन दोनों ही स्टेडियम में इंटरनेशनल क्रिकेट मैच के साथ-साथ आईपीएल के मैच भी खेले जाते हैं। गोरखपुर इंटरनेशनल स्टेडियम को तैयार करने के लिए शीर्ष पेट्रोलियम कंपनियां अपने सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) फंड से 100 करोड़ रुपये देंगी। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड 60 करोड़, भारत पेट्रोलियम 30 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी स्टेडियम को तैयार करने के लिए 10 करोड़ रुपये देंगी।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम

