32एंड एवेन्यू ग्रुप पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, सात ठिकानों पर छापे, करोड़ों की संपत्ति और नकदी बरामद
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 32एंड एवेन्यू ग्रुप और उसके प्रमोटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 और 14 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर, गोवा, जयपुर और मुंबई में सात ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कंपनी के प्रमोटर-डायरेक्टर अनुभव शर्मा, ध्रुव शर्मा और अन्य के खिलाफ चल रही जांच के तहत की गई।
ईडी ने यह जांच दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस द्वारा दर्ज कई एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। आरोप है कि आरोपियों ने निवेशकों को झांसा देकर संगठित तरीके से धोखाधड़ी की, संपत्तियों का कब्जा नहीं दिया, राशि का गबन किया और फर्जी दस्तावेजों के जरिए रुपए की हेराफेरी की।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने निवेशकों के पैसों का दुरुपयोग कर 500 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध कमाई की। इसके बाद इस रकम को कई शेल और बेनामी कंपनियों के खातों के जरिए इधर-उधर घुमाया गया।
ईडी के मुताबिक, आरोपियों ने एक ही वर्चुअल कमर्शियल स्पेस को कई निवेशकों को बेचकर बड़ा घोटाला किया। पहले निवेशकों को आकर्षक रिटर्न का लालच दिया गया और कुछ समय तक किराया भी दिया गया, फिर उसी स्पेस को नक्शे में बदलाव कर दोबारा अन्य निवेशकों को बेच दिया गया। इस तरह एक पोंजी स्कीम के जरिए आम लोगों से धोखाधड़ी की गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि कंपनी के प्रमोटर निवेशकों के पैसों से ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहे थे, जिसमें गुरुग्राम के महंगे अपार्टमेंट और गोवा में यॉट-बोट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान ईडी ने 1.05 करोड़ रुपए नकद जब्त किए, जबकि करीब 1.5 करोड़ रुपए के सोने के बिस्किट और आभूषण भी बरामद किए गए। इसके अलावा, कई अहम दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है तथा कुछ बैंक खातों को फ्रीज किया गया है।
ईडी ने गुरुग्राम, गोवा और महाराष्ट्र में स्थित कई जमीन और इमारतों की पहचान भी की है, जो कथित तौर पर अवैध कमाई से खरीदी गई हैं।
इस मामले में ध्रुव शर्मा और शिरीन शर्मा को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अनुभव शर्मा और ममता शर्मा फरार बताए जा रहे हैं।
ईडी ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

