31वां शांगहाई टेलीविजन महोत्सव शुरू
बीजिंग, 22 जून (आईएनएस)। 31वां शांगहाई टेलीविजन महोत्सव सोमवार को आधिकारिक रूप से शुरू हो गया। पांच दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में मैगनोलिया पुरस्कार, मैगनोलिया फोरम, अंतर्राष्ट्रीय फिल्म-टेलीविजन बाजार और टेलीविजन कार्यक्रम प्रदर्शन समेत कई प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मैगनोलिया पुरस्कार समारोह 26 जून को आयोजित होगा।
इस वर्ष मैगनोलिया पुरस्कारों के लिए दुनिया भर से रिकॉर्ड संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। आयोजकों के अनुसार, 60 देशों और क्षेत्रों से प्रविष्टियां मिली हैं, जो पिछले वर्ष के 43 देशों की तुलना में लगभग 39.5 प्रतिशत अधिक हैं। विशेष रूप से एशिया और दक्षिण अमेरिका के देशों की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।
मैगनोलिया पुरस्कार पांच श्रेणियों में दिए जाते हैं, जिनमें चीनी नाटक, विदेशी नाटक, वृत्तचित्र, एनिमेशन और वैरायटी शो शामिल हैं।
शांगहाई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव और शांगहाई टेलीविजन महोत्सव ने पिछले वर्ष से अपने संसाधनों को एकीकृत कर संयुक्त अंतर्राष्ट्रीय फिल्म-टेलीविजन बाजार की शुरुआत की थी। इस वर्ष इस मंच को और मजबूत किया गया है। इसके तहत "चीनी नए नाटक प्रचार केंद्र" की स्थापना की गई है, जहां चीन की प्रमुख टेलीविजन कंपनियों की नई प्रस्तुतियां प्रदर्शित की जाएंगी।
साथ ही, "अंतर्राष्ट्रीय खरीदार क्लब" का गठन किया गया है, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात, ब्राजील, फ्रांस, कनाडा, मलेशिया, इंडोनेशिया और ब्रिटेन सहित कई देशों के खरीद संस्थान शामिल हैं। इसका उद्देश्य चीनी फिल्म और टेलीविजन सामग्री को वैश्विक बाजार तक पहुंचाना है।
इस वर्ष महोत्सव में युवा प्रतिभाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। पहली बार "युवा रचनात्मकता दिवस" का आयोजन किया जा रहा है, जो युवा रचनाकारों को सीखने, संवाद और सहयोग का मंच प्रदान करेगा।
इसके अलावा, "मैगनोलिया फ्रैग्रेंस" अंतर्राष्ट्रीय उत्कृष्ट टेलीविजन कार्यक्रम जनहित प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत शांगहाई नगर कला केंद्र के सहयोग से पूरे शहर में 11 प्रदर्शन स्थल बनाए गए हैं। यहां लगभग 30 उत्कृष्ट घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय फिल्म-टेलीविजन कार्यक्रमों का नि:शुल्क प्रदर्शन किया जाएगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

