Samachar Nama
×

28 और 29 जुलाई को एनसीआर में येलो अलर्ट, भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी

28 और 29 जुलाई को एनसीआर में येलो अलर्ट, भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी
28 और 29 जुलाई को एनसीआर में येलो अलर्ट, भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी

नोएडा, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के मौसम को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 28 और 29 जुलाई को पूरे एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दोनों दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान आने की प्रबल संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25, 26 और 27 जुलाई तक मौसम सामान्य बना रहेगा। इन तीनों दिनों में आसमान पर बादलों का डेरा रहेगा तथा हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। राहत की बात यह है कि इन दिनों कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।

25 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) का स्तर 85 से 75 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार पूरे दिन सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 26 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन ह्यूमिडिटी 90 से 65 प्रतिशत तक रह सकती है। मौसम विभाग ने इस दिन भी सामान्य रूप से बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है।

27 जुलाई को भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि आर्द्रता 75 से 55 प्रतिशत के बीच रह सकती है। इस दिन भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं। हालांकि 28 जुलाई से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने स्पष्ट रूप से कहा है कि सुबह, पूर्वाह्न, दोपहर, शाम और रात, दिन के लगभग हर हिस्से में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज आंधी-तूफान की संभावना बनी रहेगी। इसी कारण इस दिन येलो अलर्ट जारी किया गया है। 29 जुलाई को भी मौसम लगभग इसी तरह रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दिन भी दिनभर गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

इसके बाद 30 जुलाई को मौसम में कुछ राहत मिलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन फिर से सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दिन के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक एनसीआर में तापमान में किसी बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में होने वाली बारिश के कारण लोगों को उमस के बावजूद भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीसीएच

Share this story

Tags