‘2500 रुपए’ के वादे पर सियासत तेज, आम आदमी पार्टी ने सरकार को घेरा
नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की राजनीति में महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देने के वादे को लेकर एक बार फिर घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी की नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा।
दिल्ली विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र से पहले आतिशी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जनवरी 2025 में किया गया ‘मोदी गारंटी’ का वादा पूरी तरह फेल साबित हुआ है। उन्होंने याद दिलाया कि 8 मार्च 2025 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली की महिलाओं के खातों में 2500 रुपए डालने की बात कही गई थी, लेकिन न केवल 2025, बल्कि 2026 का महिला दिवस भी बीत गया और महिलाओं को एक भी रुपया नहीं मिला।
आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं से वादाखिलाफी की है और अब अन्य राज्यों, खासकर पश्चिम बंगाल में चुनावी वादे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की महिलाएं आज भी पूछ रही हैं कि उनके खाते में 2500 रुपए कब आएंगे। इसके साथ ही उन्होंने मोहल्ला क्लिनिक और डीटीसी बसों में महिलाओं के लिए फ्री यात्रा जैसी सुविधाओं के कमजोर होने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि जहां पहले महिलाएं बिना किसी परेशानी के मुफ्त यात्रा कर पाती थीं, अब उन्हें ‘पिंक कार्ड’ के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। वहीं, मोहल्ला क्लिनिक की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है, जिससे महिलाओं को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है।
आप नेता संजीव झा ने कहा कि दिल्ली विधानसभा का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्य के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल महिला आरक्षण बिल लाने से सशक्तिकरण नहीं होगा, बल्कि महिलाओं को उनके अधिकार और आर्थिक सहायता देना जरूरी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई बुजुर्ग और विधवा महिलाओं की पेंशन रुकी हुई है, जिससे उनकी समस्याएं बढ़ गई हैं।
वहीं, कोंडली विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जो वादा किया था, उसे अब तक पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पश्चिम बंगाल में 3000 रुपए देने की बात की जा रही है तो दिल्ली में 2500 रुपये के वादे पर चुप्पी क्यों है। आप नेताओं ने मांग की है कि विधानसभा के विशेष सत्र में भाजपा सरकार स्पष्ट करे कि महिलाओं के खातों में 2500 रुपए कब तक ट्रांसफर किए जाएंगे।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

