Samachar Nama
×

'कभी खुशी कभी गम' को 25 साल, जिब्रान खान हुए इमोशनल, बोले- 50वीं सालगिरह भी साथ मनाएंगे

'कभी खुशी कभी गम' को 25 साल, जिब्रान खान हुए इमोशनल, बोले- 50वीं सालगिरह भी साथ मनाएंगे
'कभी खुशी कभी गम' को 25 साल, जिब्रान खान हुए इमोशनल, बोले- 50वीं सालगिरह भी साथ मनाएंगे

मुंबई, 20 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता जिब्रान खान ने 'कभी खुशी कभी गम' के 25 साल पूरे होने पर अपनी खुशी और आभार जताया। फिल्म की लोकप्रियता पर बात करते हुए उन्होंने आईएएनएस से कहा कि दर्शकों से मिल रहा प्यार बहुत ही ज्यादा भावुक कर देने वाला है और वो खुद को भाग्यशाली और सम्मानित महसूस करते हैं कि वो ऐसी आइकॉनिक फिल्म का हिस्सा रहे।

फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' में जिब्रान खान ने राहुल (शाहरुख खान) और अंजलि (काजोल) के बेटे कृष (कृष्णा रायचंद) का किरदार निभाया था।

अभिनेता जिब्रान खान कहते हैं, "सबसे पहले तो यह बहुत ज्यादा लग रहा है, क्योंकि 25 साल का मतलब है कि दर्शकों का बहुत सारा प्यार। आज के समय में आप देखेंगे तो किसी भी फिल्म को इतना प्यार मिलना ही बहुत बड़ी बात है। बहुत ही खूबसूरत पल है और मैं खुद को बहुत भाग्यशाली और सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि मैं ऐसी फिल्म का हिस्सा हूं, जिसे दर्शकों की तरफ से इतना प्यार मिल रहा है।"

जब आईएएनएस ने अभिनेता से सेट के कुछ मजेदार किस्से के बारे में बात की तो अभिनेता का कहना है कि वह उस समय बहुत छोटे थे, तो उन्हें ज्यादा बातें पता नहीं हैं।

उन्होंने कहा, "मुझे मजेदार कहानियां लगती हैं, बहुत सारी हैं और उस समय मैं बहुत ही छोटा था तो ज्यादा मुझे न तो याद है और न ही पता। मैं यह जरूर कहना चाहूंगा कि तब सेट पर मैं सबसे छोटा था, तो सभी का प्यार मिलना कल्पना से भी परे था और मेरे लिए फिल्म की शूटिंग ही बहुत बड़ी बात है, क्योंकि इतनी बड़ी फिल्म का हिस्सा होना और इतने बड़े दिग्गजों के आसपास रहना ही बहुत था। मुझे उम्मीद है कि हम फिर मिलेंगे और 25 साल के बाद किसी दिन 50वीं सालगिरह भी मनाएंगे।"

बता दें कि 19 नवंबर को फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के 25 साल पूरे होने के जश्न में करण जौहर, ऋतिक रोशन और करीना कपूर ने एयर बीएनबी के साथ मिलकर एक खास अनुभव की घोषणा की थी, जिसके तहत मुंबई में फिल्म का मशहूर रायचंद हाउस प्रशंसकों के लिए तैयार किया गया है। 17 नवंबर के टीजर के बाद 19 नवंबर को यह स्पष्ट हुआ कि यह किसी सीक्वल की नहीं, बल्कि एयर बीएनबी के साथ एक विशेष कैंपेन की घोषणा थी। प्रशंसकों को रायचंद परिवार की भव्य सीढ़ियों और फिल्म के माहौल का अनुभव करने का मौका मिलेगा। करीना कपूर और ऋतिक रोशन ने 25 साल बाद फिर से 'पू' और 'रोहन' के अंदाज में साथ आकर फिल्म के प्रतिष्ठित सीढ़ी वाले दृश्य और यादों को ताजा किया।

--आईएएनएस

एनएस/डीकेपी

Share this story