गौतमबुद्धनगर में 22 फरवरी को विशेष अभियान दिवस, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन का मौका
गौतमबुद्धनगर, 21 फरवरी (आईएएनएस)। जनपद में मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम सम्मिलित कराने के उद्देश्य से 22 फरवरी यानी रविवार को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। यह अभियान निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए थे, जिनमें से तीन का आयोजन 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी 2026 को सफलतापूर्वक किया जा चुका है। अब चौथा और अंतिम विशेष अभियान दिवस 22 फरवरी को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि इस दिन प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। उनके पास 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, जिससे मतदाता अपने नाम की पुष्टि कर सकेंगे। साथ ही, नाम जुड़वाने, हटवाने या संशोधन कराने के लिए आवश्यक फॉर्म 6, 6ए, 7 और 8 भी उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जहां मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहायता प्रदान की जाएगी।
अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवस के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों का सहयोग भी लिया जाएगा। इसके अलावा, सभासदों, ग्राम प्रधानों और स्वयंसेवकों की भागीदारी से अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। अभियान की निगरानी के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी और सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सतत पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 22 फरवरी को अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच

