Samachar Nama
×

22 बाउंड्री के साथ 190 रन, साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऐतिहासिक पारी के साथ मैट रेनेशॉ ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

22 बाउंड्री के साथ 190 रन, साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऐतिहासिक पारी के साथ मैट रेनेशॉ ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
22 बाउंड्री के साथ 190 रन, साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऐतिहासिक पारी के साथ मैट रेनेशॉ ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

डरबन, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। मैट रेनेशॉ साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई बन गए हैं। 30 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज ने शनिवार को किंग्समीड में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में 397 गेंदों का सामना करते हुए 1 छक्के और 21 चौकों के साथ 190 रन की पारी खेली।

यह रेनेशॉ के टेस्ट करियर का दूसरा शतक रहा, जो उन्होंने करीब साढ़े 9 साल के लंबे इंतजार के बाद लगाया है। इससे पहले रेनेशॉ ने जनवरी 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ सिडनी में 184 रन की पारी खेली थी।

मैट रेनशॉ साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे पायदान पर पहुंच गए। उनसे ऊपर ग्रेग ब्लूएट हैं, जिन्होंने इस टीम के विरुद्ध साल 1997 में जोहान्सबर्ग में 214 रन जड़े थे। एडम गिलक्रिस्ट साल 2002 में इसी मैदान पर 204 रन की नाबाद पारी खेल चुके हैं। वहीं, हर्बी कॉलिन्स ने जोहान्सबर्ग में साल 1921 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 203 रन बनाए थे।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट पारी में किसी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी द्वारा खेली गई गेंदों (397) के मामले में रेनशॉ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस मामले में उनसे आगे ग्रेग ब्लूएट (421 गेंदें, साल 1997) और माइकल क्लार्क (398 गेंदें, साल 2012) हैं।

मैट रेनशॉ का 190 रन का स्कोर डरबन में किसी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का सबसे बड़ा स्कोर है, जिसने साल 2009 में फिलिप ह्यूजेस के 160 रन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। यह इस मैदान पर 'नंबर 5' या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए बनाया गया सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर भी है। इस मामले में रेनेशॉ ने कुसल परेरा को पछाड़ दिया है, जिन्होंने साल 2019 में नाबाद 153 रन की पारी खेली थी।

मैट रेनेशॉ की दमदार पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने 124 के स्कोर पर 6 विकेट गंवाने के बावजूद 390 रन बनाए। यह 125 रन से कम पर 6 विकेट गिरने के बाद किसी पारी का छठा सबसे बड़ा स्कोर है। इस लिस्ट में पाकिस्तान सबसे ऊपर है, जिसने साल 1955 में 111 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद न्यूजीलैंड के विरुद्ध 561 रन बनाए थे।

ऑस्ट्रेलियाई टीम साल 1925 में इंग्लैंड के विरुद्ध 119/6 के स्कोर से उबरकर 489 के स्कोर तक पहुंची थी। वहीं, इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ साल 2010 में 102 के स्कोर पर 7 विकेट गंवाने के बावजूद 446 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज की टीम इंग्लैंड के खिलाफ साल 2019 में 120/6 के स्कोर से 415 रन तक पहुंची थी, जबकि न्यूजीलैंड ने भारत के विरुद्ध साल 1990 में महज 85 रन पर छठा विकेट गंवाने के बाद पारी में 391 रन बनाए थे।

डरबन में खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए मैट रेनेशॉ ने सर्वाधिक 190 रन बनाए, जबकि कप्तान पैट कमिंस 43 रन बनाकर आउट हुए। मार्नस लाबुशेन ने 37 रन की पारी खेली और नाथन लियोन ने 27 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

विपक्षी खेमे से वियान मुल्डर ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि मार्को जानसेन ने 3 विकेट निकाले। इनके अलावा, एनरिक नॉर्त्जे ने 2 विकेट हासिल किए। 1 विकेट साइमन हार्मर के हाथ लगा।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story