Samachar Nama
×

2027 में कांग्रेस सरकार, 2029 में राहुल गांधी को बनाएंगे प्रधानमंत्री : अजय राय

2027 में कांग्रेस सरकार, 2029 में राहुल गांधी को बनाएंगे प्रधानमंत्री : अजय राय
2027 में कांग्रेस सरकार, 2029 में राहुल गांधी को बनाएंगे प्रधानमंत्री : अजय राय

लखनऊ, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने अजय राय को हटाकर आराधना मिश्रा 'मोना' को राज्य की नई प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पार्टी कार्यालय के बाहर पोस्टर लगाकर आराधना मिश्रा 'मोना' का स्वागत किया और उन्हें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई दी।

दूसरी ओर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पार्टी का जो निर्णय है, वह स्वीकार है। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी, उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी और 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।

वाराणसी में पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपने पद से जुड़े बदलाव के बाद मीडिया से बातचीत की। अजय राय ने कहा कि पद आते-जाते रहते हैं और प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए कांग्रेस के हर कार्यकर्ता ने उनकी बहुत मदद की। राष्ट्रीय नेतृत्व ने जो फैसला लिया है, वह उसके साथ हैं।

अजय राय ने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया। उन्होंने कहा, "मैं सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करूंगा कि वे डटे रहें और राहुल गांधी और कांग्रेस को मजबूत करें। हमें 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है। इसलिए, मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से हाथ जोड़कर विनम्रतापूर्वक अनुरोध करता हूं कि वे कोई नाराजगी न रखें। हम सब एक परिवार हैं। ये सिर्फ पद हैं, वे आज जा सकते हैं और कल वापस आ सकते हैं। पार्टी इस मामले पर फिर से विचार करेगी।"

उन्होंने कहा कि मेरी ओर से कोई कमी नहीं रही है। पार्टी का फैसला है और हम पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी ने जो निर्देश दिया है, उसका पालन करेंगे। प्रदेश से भाजपा को हटाना हमारा लक्ष्य है। चुनाव से पहले पार्टी को आगे ले जाना है और पूरी ताकत के साथ कांग्रेस को मजबूत करेंगे। 2027 में कांग्रेस की सरकार बनेगी और ऐतिहासिक विजय होगी।

कार्यकर्ताओं की नाराजगी को लेकर उन्होंने कहा कि वह सभी से कांग्रेस की मदद करने की अपील करेंगे। जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है और कांग्रेस के साथ सभी वर्गों के लोग जुड़ रहे हैं।

पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि इस्तीफे की बात ही नहीं हुई, किसी ने इस्तीफे की बात नहीं कही। आज पार्टी के लिए काम कर रहा हूं और पार्टी का सिपाही हूं। पार्टी ने जो निर्देश दिया है, उसका पालन कर रहा हूं। मुझे इस्तीफे के लिए नहीं कहा गया था। जो बातें सामने आई हैं, उसके बावजूद हम लोग काम कर रहे हैं और काम करते रहेंगे। पार्टी का जो निर्देश है, वह मान्य है। उसे सिर माथे लगाता हूं और पार्टी के लिए दिन-रात जितनी मेहनत करता हूं, उससे ज्यादा करने का प्रयास करूंगा। हम लोग डटकर कांग्रेस को खड़ा करेंगे और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

Share this story