यूपी चुनाव में पीएम मोदी-सीएम योगी की लोकप्रियता के दम पर एकतरफा जीत हासिल करेंगे: स्वतंत्र देव सिंह
बुलंदशहर, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता, उनकी ईमानदारी और गरीबों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के दम पर भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में एकतरफा जीत हासिल करेगी।
बुलंदशहर में मीडिया से बातचीत के दौरान स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शांति का माहौल है। सरकार गरीबों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। डबल इंजन की सरकार को जनता का आशीर्वाद प्राप्त है और आगामी चुनाव में इसका फायदा भाजपा को मिलेगा।
उत्तर प्रदेश में हाल ही में संपन्न हुए एमएलसी चुनावों में गड़बड़ी के समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के आरोपों पर स्वतंत्र देव सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए हैं। भाजपा के कार्यकर्ता मारपीट और गुंडागर्दी में विश्वास नहीं रखते। चुनाव के दौरान किसी तरह की बड़ी घटना नहीं हुई। चुनाव आयोग की देखरेख में मतदान कराया गया और इसमें सरकार ने आवश्यक सहयोग किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता साल के 365 दिन संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सेवा कार्य करने में जुटे रहते हैं। पार्टी प्रशिक्षण शिविर, रैलियों और सम्मेलनों के माध्यम से अपने कार्यकर्ताओं को तैयार करती है। यही मजबूत संगठन और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता भाजपा की ताकत हैं।
एमएलसी चुनावों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल मुकाबला बताए जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन लगातार जनता के बीच काम करता है। पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि सेवा के माध्यम से लोगों का विश्वास जीतना है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आजम खान को लेकर दिए गए बयान पर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी का एजेंडा सभी जानते हैं। सपा गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार और लूट-खसोट के जरिए सत्ता में आने का प्रयास करती है, जबकि भाजपा का उद्देश्य गरीबों का सम्मान करना और उनके लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू करना है। भाजपा की सरकार सभी धर्मों और समुदायों के लोगों के विकास के लिए काम करती है। केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने गरीबों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ पक्के मकान, 11 करोड़ शौचालय, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि जैसी योजना शामिल हैं। भाजपा सरकार का उद्देश्य हर वर्ग के लोगों को सम्मान और विकास के समान अवसर देना है।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि कई जिलों से नक्सलवाद को जड़ से समाप्त किया गया है। आज उन क्षेत्रों में शांति और विकास का माहौल बन रहा है।
उन्होंने कहा कि जब भी आतंकवादी देश में कोई घटना करने की कोशिश करता है, उसे करारा जवाब दिया जाता है।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शांति का माहौल है और गुंडागर्दी पर लगाम लगी है। उन्होंने दावा किया कि आज महिलाएं रात में भी यात्रा कर सकती हैं।
आरक्षण को लेकर संजय निषाद के बयान पर उन्होंने कहा कि संविधान अपनी व्यवस्था के अनुसार काम करता है। एनडीए के सभी सहयोगी दल एकजुट हैं और मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों के अपने-अपने एजेंडे हो सकते हैं, लेकिन जब चुनाव आता है तो सभी एक साथ मिलकर काम करते हैं। एनडीए के बीच किसी तरह के मतभेद नहीं है और सभी मिलकर जनता के लिए काम करेंगे।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

