Samachar Nama
×

आईएफएफआई 2026: गोवा में पहुंचे कार्तिक आर्यन और रवि किशन

आईएफएफआई 2026: गोवा में पहुंचे कार्तिक आर्यन और रवि किशन
आईएफएफआई 2026: गोवा में पहुंचे कार्तिक आर्यन और रवि किशन

गोवा, 21 नवंबर (आईएएनएस)। गोवा में इन दिनों 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई 2026) की धूम देखने को मिल रही है। इस 8 दिवसीय महोत्सव में अभिनेता कार्तिक आर्यन और अभिनेता रवि किशन ने शिरकत की।

अभिनेता कार्तिक आर्यन ने मीडिया के साथ बातचीत में 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई 2026) को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने फिल्म फेस्टिवल के महत्व पर बात की और उन फिल्मों का भी जिक्र किया, जिन्होंने उनकी जिंदगी और अभिनय के सफर को बदलने में अहम भूमिका निभाई। कार्तिक आर्यन ने कहा, "जैसा कि आप सभी जानते हैं कि यह फिल्मों का महाकुंभ है और यहां पर तरह-तरह की फिल्में देखने का मौका मिलता है। चाहे वे अंतरराष्ट्रीय हों या भारत की अलग-अलग भाषाओं वाली। यहां पर हम सभी एक जगह पर सारी फिल्में देखते हैं और मजे करते हैं।"

ओटीटी पर रिलीज होने वाली फिल्मों को लेकर कार्तिक ने कहा, "हमारे यहां ज्यादा से ज्यादा फिल्में आनी चाहिए और मैं खुद एक फिल्म प्रेमी हूं। मैं यहां पर आया हूं और चाहे सिनेमा में रिलीज होने वाली फिल्म हो या फिर ओटीटी पर, सभी को मौके मिलने चाहिए।"

अभिनेता ने आगे यह भी बताया कि फिल्मों ने उनके जीवन पर किस तरह से प्रभाव डाला है। उन्होंने कहा, "मेरे करियर की शुरुआत फिल्म 'प्यार का पंचनामा' से हुई थी, फिर 'सोनू के टीटू की स्वीटी', 'चंदू चैंपियन' और 'भूल भुलैया' फ्रैंचाइजी। मुझे लगता है कि इन फिल्मों ने मेरी जिंदगी में बहुत बदलाव लाए हैं और मेरी सभी फिल्मों के किरदार मेरे दिल के बेहद करीब हैं।"

अभिनेता रवि किशन गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि (चीफ गेस्ट) के रूप में शामिल हुए हैं। आईएफएफआई में चीफ गेस्ट के तौर पर शामिल होकर अभिनेता ने बताया कि इस तरह की उपाधि प्राप्त करके वह काफी भावुक हो गए हैं।

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, भारत सरकार, गोवा सरकार और फिल्म जगत को धन्यवाद। ये लोग अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल को इतना विराट सेलिब्रेट करते हैं और यहां पर चीफ गेस्ट के रूप में मुझे मौका अश्विनी वैष्णव जी ने दिया और उन्होंने मुझसे कहा कि इस बार रवि बाबू, आप जाओ कार्यक्रम में। यहां पर आकर मैं इस समय बहुत भावुक हूं। मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है कि यहां पर मैं एक चीफ गेस्ट के तौर पर आया हूं। मैं मिनिस्ट्री को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे इतना बड़ा सम्मान दिया है, जहां पर विश्व के सभी दिग्गज आ रहे हैं।"

--आईएएनएस

एनएस/एएस

Share this story