Samachar Nama
×

2026-2027 वर्ष के विदेशी सांस्कृतिक एवं पर्यटन संस्थानों में फिल्म प्रदर्शन कार्यक्रम श्रीलंका में शुरू

2026-2027 वर्ष के विदेशी सांस्कृतिक एवं पर्यटन संस्थानों में फिल्म प्रदर्शन कार्यक्रम श्रीलंका में शुरू
2026-2027 वर्ष के विदेशी सांस्कृतिक एवं पर्यटन संस्थानों में फिल्म प्रदर्शन कार्यक्रम श्रीलंका में शुरू

बीजिंग, 28 नवंबर (आईएएनएस)। 27 नवंबर को चीन के राष्ट्रीय फिल्म प्रशासन और चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) की मेजबानी में ‘फिल्मों के साथ चीन की यात्रा करें’ 2026-2027 वर्ष विदेशी सांस्कृतिक एवं पर्यटन संस्थानों में फिल्म प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन कोलंबो स्थित श्रीलंका चीनी सांस्कृतिक केंद्र में किया गया।

इस कार्यक्रम के तहत चीन के संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के 50 विदेशी सांस्कृतिक एवं पर्यटन संस्थानों को फिल्मों से जुड़ी सामग्री एक ही जगह उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही, चीन के प्राकृतिक नजारों और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली चीनी फिल्में भी प्रदर्शित की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य विदेशों में ‘फिल्म और पर्यटन’ को जोड़कर चीन के प्रचार के लिए एक नियमित मंच तैयार करना है, ताकि अधिक से अधिक विदेशी दर्शक फिल्मों के जरिए चीन को जानें और वहां की यात्रा के लिए प्रेरित हों।

कार्यक्रम में सीएमजी के महानिदेशक शन हाइश्योंग, श्रीलंका में चीन के राजदूत वेई हुआश्यांग और श्रीलंका के विदेश मामलों, विदेशी रोजगार एवं पर्यटन के उपमंत्री रुवन रणसिंघे ने अन्य अतिथियों के साथ हिस्सा लिया।

इस मौके पर रुवन रणसिंघे ने कहा कि श्रीलंका और चीन के बीच दोस्ती गहरी और लंबे समय से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि ‘फिल्मों के साथ चीन की यात्रा करें’ कार्यक्रम की शुरुआत कोलंबो से हुई है और अब यह दुनिया भर में पहुंच रहा है। यह पहल दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग और पीढ़ी-दर-पीढ़ी कायम रहने वाली मैत्रीपूर्ण रणनीतिक साझेदारी का मजबूत प्रमाण है।

वहीं, चीन के राष्ट्रीय फिल्म प्रशासन के कार्यकारी उपाध्यक्ष माओ यू ने कहा कि इस साल राष्ट्रीय फिल्म प्रशासन ने चीन के संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के साथ मिलकर इस कार्यक्रम का विस्तार अधिक देशों तक किया है। इसके तहत 50 विदेशी सांस्कृतिक एवं पर्यटन संस्थानों को फिल्मों से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पहल से दुनिया भर के दर्शकों को चीन की उत्कृष्ट पारंपरिक संस्कृति की खासियतों को जानने का मौका मिलेगा। साथ ही, वे आधुनिक चीन की जीवंतता और यहां के खूबसूरत पहाड़ों तथा नदियों से भी परिचित हो सकेंगे।

श्रीलंका चीनी सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक नी लीशेंग ने कहा कि फिल्म संस्कृति की एक ऐसी सार्वभौमिक भाषा है, जिसे हर देश के लोग समझ सकते हैं। साथ ही, यह पर्यटन को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि ‘फिल्मों के साथ चीन की यात्रा करें’ कार्यक्रम के जरिए चीन के प्राकृतिक नजारे, सांस्कृतिक विरासत, आधुनिकीकरण की उपलब्धियां और फिल्म निर्माण की क्षमता दुनिया भर के दर्शकों के सामने पेश की जा रही हैं। इससे विदेशी दर्शकों को चीनी संस्कृति और वहां के जनजीवन को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही, फिल्मों से पैदा होने वाली लोकप्रियता को पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों पर होने वाले खर्च में बढ़ोतरी के रूप में बदलने में भी मदद मिलेगी।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

डीकेपी/

Share this story

Tags