2023 में पास महिला आरक्षण बिल अब तक क्यों नहीं किया लागू, सांसद तारिक अनवर का भाजपा से सवाल
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। संसद में महिला आरक्षण संशोधन बिल के गिरने पर एनडीए, विपक्षी दलों पर आरक्षण विरोधी होने का आरोप लगा रही है। वहीं कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने दावा किया कि भाजपा ने महिलाओं के आरक्षण को छीना है।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि महिला आरक्षण बिल तो 2023 में संसद में सर्वसम्मति से पास हो चुका था, तो भाजपा ने क्रियान्वयन क्यों नहीं किया। तीन साल बाद भाजपा को अचानक महिला आरक्षण की याद कैसे आई?
कांग्रेस सांसद ने पूछा कि जब पांच राज्यों के चुनाव हो रहे हैं, उसी समय भाजपा संसद में महिला आरक्षण संशोधन बिल क्यों लेकर आई और इसे लागू करने में इतनी जल्दी क्यों दिखाई?
तारिक अनवर ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर महिला आरक्षण को डिलिमिटेशन और जनगणना से जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि महिलाओं को आरक्षण मिले। यह उनकी साजिश है।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के यूसीसी लागू करने और घुसपैठियों को बाहर करने वाले बयान पर तारिक अनवर ने पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि इनके पास घुसपैठियों के अलावा कहने को कुछ नहीं है। इन्होंने 12 साल में कोई काम नहीं किया। अगर केंद्र सरकार में कोई उल्लेखनीय काम किया होता, तो आज बंगाल के लोगों के सामने जाते और बताते कि हमने 12 साल में ये काम किया। काला धन लाया, गरीबी कम की, बेरोजगारी दूर की और भ्रष्टाचार घटाया, लेकिन ये इन मुद्दों पर बात नहीं करते, सिर्फ घुसपैठियों का राग अलापते हैं। चुनाव आते ही घुसपैठिए इनका एकमात्र मुद्दा बन जाते हैं।
‘थ्री-लैंग्वेज फॉर्मूला पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि बच्चों पर बेवजह दबाव डाला जा रहा है।
आरएसएस प्रमुख के बयान पर तारिक अनवर ने कहा कि भारत एक बहु-धार्मिक, बहु-भाषाई और बहु-सांस्कृतिक देश है। हमारे पूर्वजों और संविधान निर्माताओं ने देश को धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र बनाया। संविधान में इस बात का पूरा ध्यान रखा गया है कि सभी को साथ लेकर चलना है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी

