2021 बंगाल चुनाव बाद हिंसा केस में सीबीआई को सफलता, हत्या के मामले में घोषित अपराधी गिरफ्तार
कोलकाता, 18 जून (आईएएनएस)। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) ने गुरुवार को 2021 के पश्चिम बंगाल चुनाव बाद हिंसा और हत्या के मामले में घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।
सीबीआई ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से श्यामला बर्मन नाम के एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी माणिक मैत्रा की हत्या और चुनाव बाद हिंसा के मामले में की गई है। इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार था और वह कभी भी जांच या मुकदमे की प्रक्रिया में शामिल नहीं हुआ।
सीबीआई ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50,000 रुपए के नकद इनाम की घोषणा की थी। वहीं, कलकत्ता हाईकोर्ट के 27 अगस्त 2021 के आदेश पर सीबीआई ने 27 अगस्त 2021 को यह मामला दर्ज किया था। इसके लिए सीबीआई ने कूच बिहार के शीतलकुची पुलिस स्टेशन की एफआईआर को अपने हाथ में लिया था, जो चुनाव-बाद हिंसा और माणिक मैत्रा की हत्या के आरोपों से संबंधित थी।
जांच के बाद सीबीआई ने 27 सितंबर 2021 को 6 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की। इसके बाद सीबीआई ने जांच के बाद, 26 अप्रैल 2022 और 11 अगस्त 2022 को 18 और आरोपियों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर की।
इस मामले में आरोपी लंबे समय से छिप रहा था और मुकदमे की प्रक्रिया से बच रहा था, इसलिए माथाभांगा (जिला कूच बिहार) के एसीजेएम (अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट) ने 8 फरवरी 2022 के आदेश के जरिए उक्त आरोपी को 'घोषित अपराधी' करार दिया था। वहीं, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सिलीगुड़ी की सक्षम अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसी के साथ सीबीआई की ओर से मामले से जुड़ी आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

