Samachar Nama
×

2017 से पहले माफिया-अपराधी थे रक्तबीज, डबल इंजन सरकार ने आसुरी शक्तियों का किया दमन: सीएम योगी

2017 से पहले माफिया-अपराधी थे रक्तबीज, डबल इंजन सरकार ने आसुरी शक्तियों का किया दमन: सीएम योगी
2017 से पहले माफिया-अपराधी थे रक्तबीज, डबल इंजन सरकार ने आसुरी शक्तियों का किया दमन: सीएम योगी

लखनऊ, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि की पावन महासप्तमी के अवसर पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि दुष्टों, असुरों और रक्तबीज जैसी तामसिक शक्तियों का संहार कर धर्म की स्थापना एवं भक्तों को अभय प्रदान करने वाली मां कालरात्रि का दिव्य स्वरूप हमें संदेश देता है कि अधर्म, अत्याचार व आतंक का अंत ही न्याय, शांति और निर्भय समाज की स्थापना का आधार है।

मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में रक्तबीज रूपी माफिया, दंगाइयों और अपराधियों के आतंक से उत्पन्न भय और अराजकता के अंधकार व वातावरण ने बहन-बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा व स्वावलंबन की राह में गंभीर बाधाएं खड़ी कर दी थीं। विगत 9.5 वर्षों में डबल इंजन सरकार की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति ने इन आसुरी शक्तियों का दमन कर प्रदेश में कानून का राज और भयमुक्त वातावरण की स्थापना की है।"

उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति, इंटीग्रेटेड 1090 हेल्पलाइन, महिला बीट पुलिसिंग और सेफ सिटी परियोजना जैसी पहलों ने बहन-बेटियों के लिए घर की चौखट से लेकर सड़क, शिक्षण संस्थानों व कार्यस्थलों तक एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया है। पुलिस रिस्पॉन्स टाइम का वर्ष 2016 के 65 मिनट से घटकर मात्र 5 मिनट रह जाना, प्रदेश में कानून-व्यवस्था की तत्परता और महिला सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।

सीएम योगी ने आगे कहा कि सुरक्षा के इसी विश्वास से प्रेरित होकर आज महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी निडर होकर कार्य कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महिला श्रम बल भागीदारी का 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक होना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की नारी शक्ति, अर्थशक्ति बनकर उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति दे रही है। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "कृषि, उद्योग, सेवा और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में नारी शक्ति की बढ़ती भागीदारी ने प्रदेश की विकास यात्रा को नई ऊर्जा दी है। यही भागीदारी उत्तर प्रदेश की जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में हुई तीन गुनी वृद्धि की यात्रा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।"

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story