Samachar Nama
×

2013 से पहले केजरीवाल परिवार गाजियाबाद का वोटर था, इसलिए उनकी दिल्ली में मैपिंग संभव नहीं: हर्ष मल्होत्रा

2013 से पहले केजरीवाल परिवार गाजियाबाद का वोटर था, इसलिए उनकी दिल्ली में मैपिंग संभव नहीं: हर्ष मल्होत्रा
2013 से पहले केजरीवाल परिवार गाजियाबाद का वोटर था, इसलिए उनकी दिल्ली में मैपिंग संभव नहीं: हर्ष मल्होत्रा

नई दिल्ली, 20 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि हम लगातार कहते रहे हैं कि आम आदमी पार्टी के नेता चाहें अरविंद केजरीवाल हों या सौरभ भारद्वाज हों यह खबरों में बने रहने के लिए नित नए मुद्दे ढूंढते और उठाते हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले ढाई महीने से 'आप' नेता चंडीगढ एवं दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनावों को ध्यान में रखते हुए छात्रों से जुड़े मुद्दों पर बोल रहे थे और अब दोनों विश्वविद्यालयों के छात्रों द्वारा नकारे जाने के बाद 'आप' नेता सौरभ भारद्वाज आज एसआईआर का मुद्दा उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमने हमेशा कहा है कि खुद को बेरोजगार नेता कहने वाले सौरभ भारद्वाज नाटकीय अंदाज में बोलकर लोगों को गुमराह करने की बात करते हैं पर वह कितनी भी कोशिश कर लें अरविंद केजरीवाल परिवार को एसआईआर नोटिस मुद्दे पर दिल्ली वालों को गुमराह नहीं कर सकते।

एसआईआर व्यवस्था अनुसार, पहले चरण में दिल्ली की मतदाता सूची में केवल वह ही मतदाता रह सकते हैं जिनकी 2002 की दिल्ली की वोटर लिस्ट से मैपिंग हो और सारी दुनिया जानती है कि 2013 से पहले अरविंद केजरीवाल परिवार गाजियाबाद जिले का वोटर था, इसलिए उनकी दिल्ली में मैपिंग संभव नहीं है।

सौरभ भारद्वाज ने रविवार को अपने नाटकीय अंदाज में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि इतनी पढ़े लिखे तीन बार के मुख्यमंत्री के वोट पर सवाल उठ रहा है तो आम आदमी का क्या होगा। बेहतर होगा कि सौरभ भारद्वाज समझ लें कि अरविंद केजरीवाल हों या कोई सामान्य आदमी दिल्ली एसआईआर में मैपिंग तभी होगी, जब 2002 में वह व्यक्ति दिल्ली में वोटर रहा होगा, दिल्ली में वोट बनवाने की प्रक्रिया अब खुल चुकी है और अरविंद केजरीवाल परिवार हो या कोई सामान्य आदमी, सब अपना वोट बनवा सकते हैं, बशर्ते जहां पहले वोट है वहां से कटवा लें। हर व्यक्ति का वोट देश में केवल एक जगह ही बन सकता है।

--आईएएनएस

डीकेपी/

Share this story

Tags