2,000 बेड के गैर-लाभकारी अस्पताल के शिलान्यास पर बोले गौतम अदाणी, यह बंगाल के चिकित्सा के भविष्य को बनाएगा बेहतर
कोलकाता, 24 सितंबर (आईएएनएस)। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने गुरुवार को 2,000 बेड के नॉन-प्रॉफिट अस्पताल के शिलान्यास पर कहा कि यह टेक्नोलॉजी और डिजिटल हेल्थ के माध्यम से बंगाल के मेडिकल भविष्य को बेहतर बनाएगा।
कोलकाता में अस्पताल के शिलान्यास को एक विशेष दिन बताते हुए गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि 2,000 बेड वाला यह गैर-लाभकारी अस्पताल एक आधुनिक मेडिकल कॉलेज, एडवांस्ड रिसर्च और देखभाल की सुविधाओं के साथ-साथ टेक्नोलॉजी और डिजिटल हेल्थ के इस्तेमाल से बनाया जाएगा, ताकि बंगाल में चिकित्सा के भविष्य को बेहतर बनाया जा सके।
हमारे लिए, अदाणी आरोग्य मंदिर बंगाल के प्रति हमारी उस बड़ी प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत हम विश्व-स्तरीय फिजिकल और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर बनाएंगे और साथ ही उस असाधारण सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित करने में मदद करेंगे जो इस भूमि को एक अनोखी पहचान देती है।
इस दौरान पोस्ट में उन्होंने अदाणी आरोग्य मंदिर की शुरुआत के मौके पर पधारने के लिए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का आभार जताया।
शिलान्यास कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए गौतम अदाणी ने कहा कि अदाणी आरोग्य मंदिर एक विश्व स्तरीय, गैर-लाभकारी अस्पताल संस्थान होगा जिसमें 2,000 बेड होंगे, इनमें से 1,000 बेड समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए होंगे, जो राज्य और केंद्र की हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम के तहत पात्र हैं।
इस संस्थान के केंद्र में एक मेडिकल कॉलेज होगा, जिसे एडवांस्ड रिसर्च और देखभाल की सुविधाओं का सपोर्ट मिलेगा। इससे बंगाल के लिए बहुत कुशल हेल्थकेयर वर्कफोर्स तैयार करने की नींव पड़ेगी।
हम अस्पताल, कॉलेज और रिसर्च सुविधाओं में 4,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश करेंगे और उम्मीद है कि यह संस्थान राज्य के हेल्थकेयर इकोसिस्टम में 10,000 से ज्यादा नौकरियां पैदा करेगा।
अरबपति कारोबारी ने आगे कहा कि हम 2035 तक बंगाल में 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश करने जा रहे हैं। इसमें पोर्ट, लॉजिस्टिक्स, बिजली उत्पादन, बिजली ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन, सड़कें, पुल और रोपवे, ग्रीन सीमेंट और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे सेक्टर शामिल हैं।
--आईएएनएस
एबीएस

