Samachar Nama
×

'राइज एंड फॉल सीजन 2' का प्रोमो रिलीज, होस्ट के तौर पर नजर आएंगे वीरेंद्र सहवाग

'राइज एंड फॉल सीजन 2' का प्रोमो रिलीज, होस्ट के तौर पर नजर आएंगे वीरेंद्र सहवाग
'राइज एंड फॉल सीजन 2' का प्रोमो रिलीज, होस्ट के तौर पर नजर आएंगे वीरेंद्र सहवाग

मुंबई, 11 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग आगामी रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' से ओटीटी पर डेब्यू करने जा रहे हैं। मेकर्स ने शुक्रवार को शो की पहली झलक पेश की।

प्रोमो में वीरेंद्र सहवाग अपने फेमस मजेदार अंदाज में जिंदगी के उतार-चढ़ाव के बारे में बात करते हैं और फिर दर्शकों को इस रियलिटी शो की अनिश्चितता भरी दुनिया से रूबरू कराते हैं, जहां दांव ऊंचे हैं और कोई भी पोजीशन परमानेंट नहीं है।

पेंटहाउस और बेसमेंट की दो अलग-अलग दुनियाओं में बसे इस गेम में 15 सेलेब्स को दो ग्रुप में बांटा गया है, रूलर्स और वर्कर्स। जहां रूलर्स पेंटहाउस की सारी सुविधाओं का मजा लेते हैं, वहीं वर्कर्स को बेसमेंट की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। यहां हर फैसला, हर दोस्ती और हर चाल गेम का रुख बदल सकती है।

वीरेंद्र सहवाग का मानना है कि क्रिकेट और रियलिटी शो में समानता यह है कि दोनों के आखिरी तक कुछ भी हो सकता है।

उन्होंने कहा कि जैसे क्रिकेट में आखिरी बॉल तक मैच पलट सकता है, वैसे ही इस शो में भी आखिरी तक कुछ भी हो सकता है और यहां आसानी से जीत नहीं मिलती। वीरेंद्र सहवाग ने कहा, "क्रिकेट ने मुझे एक बात सिखाई है- आखिरी बॉल से पहले कोई मैच जीता नहीं जाता और 'राइज एंड फॉल सीजन 2' इस अनिश्चितता को एक अलग ही लेवल पर ले जाता है। एक होस्ट के तौर पर मुझे इस गेम की जो बात सबसे ज्यादा एक्साइट करती है, वो ये है कि यहां कोई आसान जीत नहीं है और कोई भी पोजीशन फिक्स नहीं है।"

उन्होंने आगे कहा, "हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ टॉप पहुंचना नहीं बल्कि यह जानना है कि वहां कैसे बने रहना है। आपको पता होना चाहिए कि अब अटैक करना है, जब डिफेंड करना है और सबसे जरूरी बात, गेम को कब समझना है, इससे पहले कि वह आपको समझे। पैसे, स्ट्रैटेजी और बदलते इक्वेशन के साथ, आराम की कोई गुंजाइश नहीं है। मैं कंटेस्टेंट्स को गेम में आगे बढ़ते, रिस्क लेते, अलायंस बनाते और यह दिखाते हुए देखने का इंतजार कर रहा हूं कि वे असल में किस चीज से बने हैं।"

बनिजय एशिया द्वारा प्रोड्यूस किया गया एमएक्स ओरिजिनल 'राइज एंड फॉल सीजन 2' प्राइम वीडियो पर फ्री में स्ट्रीम होगा।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम

Share this story