ओडिशा में बारिश से दीवार गिरने की घटनाओं में 2 की मौत, वीडियो में जाने यूपी और MP में भी बाढ़ का कहर; कई इलाके जलमग्न
देश के कई राज्यों में मानसून की भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ओडिशा में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश के कारण दीवार गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी लगातार बारिश के बाद बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा में बारिश का दौर गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तर तटीय ओडिशा और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास बने गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से बढ़ा है।
ओडिशा में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत
ओडिशा में भारी बारिश के बीच अलग-अलग जगहों पर दीवार गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें एक दो वर्षीय बच्चे समेत दो लोगों की मौत हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। केंदुझर जिले के टेंसा में 162.2 मिलीमीटर, देवगढ़ के बरकोट में 127.2 मिलीमीटर और केंदुझर के हाटाडीही में 118.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।मौसम विभाग ने उत्तरी ओडिशा के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
उन्नाव में एक्सप्रेस-वे के पास जलभराव
उत्तर प्रदेश में भी मानसूनी बारिश का असर लगातार दिखाई दे रहा है। उन्नाव में बारिश के बाद गंगा एक्सप्रेस-वे के टोल प्लाजा के पास पानी भर गया। जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद ट्यूबवेल पंप की मदद से पानी बाहर निकाला गया।राज्य में लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। फिलहाल उत्तर प्रदेश के 17 जिले बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं और बड़ी संख्या में लोगों को राहत एवं बचाव अभियान के तहत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
चंदौली में वाटरफॉल पर फंसे 3 पर्यटक
चंदौली में भी लगातार बारिश के कारण नदियों और जलप्रपातों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। चंद्रप्रभा नदी में अचानक बाढ़ आने से राजदारी-देवदारी वाटरफॉल का जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव के बीच तीन पर्यटक फंस गए थे। राहत और बचाव टीमों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।जिले में बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है। चंदौली में भारी बारिश के कारण कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों को 1 सितंबर को बंद रखने का आदेश भी जारी किया गया है।
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर
मध्य प्रदेश के चित्रकूट में भारी बारिश के बाद मंदाकिनी नदी ने विकराल रूप ले लिया है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब छह मीटर ऊपर पहुंचने के बाद निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। आसपास के कई घरों में करीब पांच फीट तक कीचड़ भर गया है।बाढ़ की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मंदाकिनी के तेज बहाव में रामघाट-हनुमान धारा पुल भी बह गया। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है।मौसम विभाग की लगातार बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है। आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हालात और गंभीर होने की आशंका बनी हुई है।

