Samachar Nama
×

18 सितंबर से 'ओडिशा टी20 लीग' की शुरुआत, 6 टीमें लेंगी हिस्सा, जानिए किस दिन होगा फाइनल?

18 सितंबर से 'ओडिशा टी20 लीग' की शुरुआत, 6 टीमें लेंगी हिस्सा, जानिए किस दिन होगा फाइनल?
18 सितंबर से 'ओडिशा टी20 लीग' की शुरुआत, 6 टीमें लेंगी हिस्सा, जानिए किस दिन होगा फाइनल?

कटक, 25 अगस्त (आईएएनएस)। ओडिशा टी20 लीग 2026 की शुरुआत 18 सितंबर से होने जा रही है, जिसका फाइनल 27 सितंबर को कटक के मशहूर बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा। इस 10 दिवसीय टूर्नामेंट में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से क्रिकेटर भाग लेंगे, जिससे अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती हुई प्रतिभा को एक ही मंच पर आने का मौका मिलेगा।

इस टूर्नामेंट में कटक, भुवनेश्वर, केओनझर, पुरी, राउरकेला और संबलपुर की छह टीमें हिस्सा लेंगी। अलग-अलग इलाकों की टीमों के शामिल होने से टूर्नामेंट में स्थानीय रंगत आएगी और साथ ही अलग-अलग जिलों के खिलाड़ियों को मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ खुद को परखने का मौका मिलेगा।

इस टूर्नामेंट से युवा क्रिकेटर्स को अच्छा अनुभव और मैच खेलने का मौका मिलेगा। खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन से उन्हें घरेलू क्रिकेट के ऊंचे स्तर पर जाने में मदद मिल सकती है।

ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (ओसीए) के सचिव संजय बेहरा ने टूर्नामेंट की वापसी का स्वागत किया और कहा कि एसोसिएशन बाराबती स्टेडियम में एक और सीजन के लिए उत्साहित है।

आगामी सीजन के बारे में बात करते हुए ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (ओसीए) के सचिव संजय बेहरा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, "हमें बहुत खुशी है कि ओडिशा टी20 लीग 2026 की शुरुआत 18 सितंबर को होने जा रही है। टूर्नामेंट 27 सितंबर तक चलेगा और हम बाराबती स्टेडियम में क्रिकेट के एक रोमांचक सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"

संजय बेहरा ने इस लीग की भूमिका पर भी जोर देते हुए बताया कि यह स्थानीय क्रिकेटर्स को उनके करियर में आगे बढ़ने में कैसे मदद कर सकती है। उन्होंने कहा, "यह लीग ओडिशा के क्रिकेटर्स के लिए एक बहुत अहम मंच है। इससे उन्हें प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने, अच्छा अनुभव हासिल करने और अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। हमें उम्मीद है कि यह टूर्नामेंट कई खिलाड़ियों को उनके करियर में आगे बढ़ने में मदद करेगा।"

पूरे ओडिशा के खिलाड़ियों के एक साथ आने से, 2026 का यह टूर्नामेंट क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और राज्य की उभरती हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने पर ध्यान केंद्रित करेगा। ऐतिहासिक बाराबती स्टेडियम पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों का गवाह बन चुका है। यह स्टेडियम 18 सितंबर से लेकर 27 सितंबर को होने वाले फाइनल तक इस टूर्नामेंट का मुख्य केंद्र बना रहेगा।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags