17 नए संग्रहालयों से सहेजी जाएगी यूपी की विरासत, संस्कृति विभाग ने तैयार किया बड़ा रोडमैप
लखनऊ, 29 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए संस्कृति विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संग्रहालयों की स्थापना, विकास, उच्चीकरण और क्यूरेशन से जुड़ी 17 नई परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं।
इन परियोजनाओं के जरिए प्रदेश की दुर्लभ ऐतिहासिक धरोहरों, लोक संस्कृति और साहित्यिक विरासत को आधुनिक स्वरूप में संरक्षित और प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि संग्रहालयों की स्थापना और विकास से युवाओं को प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, इतिहास और परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कई परियोजनाओं पर शासन स्तर पर निर्णय लंबित है, जिनका शीघ्र निस्तारण कर कार्य शुरू कराया जाएगा। गोरखपुर में प्रस्तावित गौरव संग्रहालय के क्यूरेशन कार्य के लिए 22.50 करोड़ रुपये की धनराशि प्रस्तावित की गई है। वहीं कन्नौज में बाल संग्रहालय की स्थापना एवं क्यूरेशन के लिए 15 करोड़ रुपये तथा फर्रूखाबाद में संग्रहालय स्थापना और क्यूरेशन कार्य के लिए 24.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इसके अलावा कासगंज में पुरातत्व संग्रहालय की स्थापना के लिए 16.82 करोड़ रुपये और झांसी के चिरगांव में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के संग्रहालय एवं पुस्तकालय की स्थापना हेतु पांच करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।
संस्कृति मंत्री ने बताया कि सोनभद्र में संग्रहालय स्थापना के लिए 1.33 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत तय की गई है। वहीं राज्य संग्रहालय, लखनऊ के उच्चीकरण, नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए 150 करोड़ रुपये तथा राज्य संग्रहालय, मथुरा के आधुनिकीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये की नई मांग भेजी गई है।
चित्रकूट में महर्षि वाल्मीकि आश्रम, लालापुर स्थित संग्रहालय के क्यूरेशन कार्य के लिए पांच करोड़ रुपये तथा राजापुर स्थित संत तुलसीदास की जन्मस्थली तुलसीपीठ एवं तुलसी स्मारक के पर्यटन विकास और क्यूरेशन कार्य के लिए भी पांच करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में संग्रहालय एवं पुस्तकालय स्थापना के लिए पांच करोड़ रुपये, लखनऊ में गुरु गोविंद सिंह स्मृति संस्थान एवं विरासत-ए-खालसा स्मारक निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये और मानव संस्कृति विकास संग्रहालय के लिए 25 करोड़ रुपये की धनराशि प्रस्तावित की गई है।
उन्होंने बताया कि बलिया, अलीगढ़, सहारनपुर और बरेली में भी संग्रहालय स्थापना संबंधी प्रस्तावों पर उच्च स्तर पर कार्रवाई चल रही है और जल्द ही इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
--आईएएनएस
विकेटी/एएसएच

