Samachar Nama
×

16 से 18 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी पूजा पंडालों में होगा नारी वंदन, संकल्प लेने की अपील

16 से 18 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी पूजा पंडालों में होगा नारी वंदन, संकल्प लेने की अपील
16 से 18 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी पूजा पंडालों में होगा नारी वंदन, संकल्प लेने की अपील

लखनऊ, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला आयोजन समिति, उत्तर प्रदेश ने शारदीय नवरात्र के दौरान 16, 17 और 18 अक्टूबर को प्रदेश के सभी पूजा पंडालों, मंदिरों और सामाजिक संगठनों में कन्या वंदन एवं कन्या पूजन के कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया है। समिति ने लोगों से इन कार्यक्रमों के माध्यम से नारी और बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान तथा स्वाभिमान के प्रति संकल्प लेने की अपील की है।

क्षेत्रीय संयोजक अमरनाथ ने कहा कि नारी का सम्मान केवल एक विचार नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति का संस्कार है। नवरात्र शक्ति की आराधना का पर्व होने के साथ-साथ नारी गरिमा और सम्मान को प्रतिष्ठित करने का अवसर भी है। इस दौरान होने वाले कन्या पूजन और कन्या वंदन के माध्यम से समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।

नवरात्र में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के साथ नारी शक्ति के प्रति सम्मान का भाव जुड़ा हुआ है। भारतीय परंपरा में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है। इसी भावना को सामाजिक जीवन में आगे बढ़ाते हुए महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता देने की जरूरत है।

समाज की आधी आबादी की सुरक्षा और सम्मान पूरे समाज की खुशहाली से जुड़ा है। जब महिलाएं सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर होंगी, तभी परिवार, समाज और देश के विकास को और मजबूती मिलेगी।

शारदीय और वासंतिक नवरात्र के अवसर पर देश-दुनिया में सनातन धर्मावलंबी मां भगवती के नौ स्वरूपों की आराधना करते हैं। नवरात्र की यही आध्यात्मिक परंपरा नारी शक्ति के सम्मान और उसके प्रति समाज की जिम्मेदारी का संदेश देने का भी अवसर प्रदान करती है।

उल्लेखनीय है कि हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का मुख्य आयोजन 26 से 30 नवंबर तक कानपुर के बृजेंद्र स्वरूप पार्क में होगा, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सरकार और विभिन्न सामाजिक संगठनों की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। मेले के मुख्य आयोजन से पहले पूरे प्रदेश में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से ये कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम

Share this story

Tags