15वीं पंचवर्षीय योजना में ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ाएगा चीन
बीजिंग, 26 जून (आईएएनएस)। चीनी राज्य परिषद सूचना कार्यालय ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया। इस दौरान राष्ट्रीय विकास एवं सुधार आयोग के सदस्य और राष्ट्रीय ऊर्जा प्रशासन के प्रशासक वांग होंगची ने बताया कि 15वीं पंचवर्षीय योजना (2026-2030) के दौरान चीन में तेल, गैस, कोयला और सहायक बिजली आपूर्ति परियोजनाओं में निवेश लगातार बढ़ेगा।
अगले पांच वर्षों में इस क्षेत्र में कुल निवेश 14वीं पंचवर्षीय योजना (2021-2025) की तुलना में 10 प्रतिशत से अधिक बढ़ने का अनुमान है। वहीं, नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़कर कुल बिजली निवेश का लगभग 60 प्रतिशत हो जाएगी।
ग्रिड क्षेत्र में अंतर-प्रांतीय बिजली पारेषण लाइनों, अंतर-प्रांतीय बिजली सहायता परियोजनाओं, मुख्य ग्रिड, वितरण ग्रिड और स्मार्ट माइक्रोग्रिड के निर्माण पर विशेष जोर दिया जाएगा। 15वीं पंचवर्षीय योजना के दौरान ग्रिड क्षेत्र में निवेश 14वीं पंचवर्षीय योजना की तुलना में 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ेगा। इसके अलावा, नई गुणवत्ता वाली उत्पादक शक्तियों के विकास से जुड़ी परियोजनाओं में 20 खरब युआन से अधिक का निवेश किया जाएगा।
राष्ट्रीय ऊर्जा प्रशासन के उप प्रशासक वान चिनसोंग ने कहा कि 15वीं पंचवर्षीय योजना के दौरान चीन नई ऊर्जा से जुड़े बुनियादी ढांचे के निर्माण में तेजी लाएगा, नवीकरणीय ऊर्जा को ग्रिड से जोड़ने और उसके उपयोग की क्षमता बढ़ाएगा, साथ ही नई ग्रिड प्रणाली का विकास करेगा। वर्ष 2030 तक देश में चार्जिंग बुनियादी ढांचे की संख्या बढ़कर 4 करोड़ तक पहुंच जाएगी।
वहीं, नवीकरणीय ऊर्जा से हाइड्रोजन उत्पादन 20 लाख टन तक पहुंचने और वर्चुअल पावर प्लांट की विनियमन क्षमता 50 गीगावाट से अधिक होने का लक्ष्य रखा गया है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

