140वें कैंटन मेले में 26.75 अरब डॉलर के निर्यात सौदों का इरादा
बीजिंग, 5 नवंबर (आईएएनएस)। चीन के क्वांगतोंग प्रांत की राजधानी क्वांगचो में आयोजित 140वां चीन आयात एवं निर्यात मेला (कैंटन मेला) 4 नवंबर को संपन्न हो गया।
इस बार मेले में स्मार्ट तकनीक, हरित विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों का खास संगम देखने को मिला। मेले में आने वाले विदेशी खरीदारों और नए, हरित एवं स्मार्ट उत्पादों की संख्या ने नए रिकॉर्ड बनाए। इससे वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देने, चीन के खुलेपन को और विस्तार देने तथा विश्व अर्थव्यवस्था के विकास में योगदान देने वाले इस मंच का महत्व एक बार फिर सामने आया।
इस बार के कैंटन मेले में 32 हजार से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया और करीब 48.8 लाख उत्पाद प्रदर्शित किए। इनमें लगभग 20 प्रतिशत कंपनियों ने विदेशों में निवेश किया है, जबकि 36.5 प्रतिशत कंपनियों ने उत्पादों के साथ सेवाओं से जुड़े समाधान भी पेश किए। इसके अलावा, व्यापार सेवा प्रदर्शनी क्षेत्र में आने वाले लोगों की संख्या 1.3 लाख से अधिक रही।
मेले में 219 देशों और क्षेत्रों से 3.52 लाख विदेशी खरीदार पहुंचे। यह संख्या पिछले आयोजन के मुकाबले 12.2 प्रतिशत अधिक रही और एक नया रिकॉर्ड भी है। इनमें यूरोपीय संघ, अमेरिका और बेल्ट एंड रोड साझेदार देशों से आने वाले खरीदारों की संख्या में क्रमशः 38.2 प्रतिशत, 22.2 प्रतिशत और 16.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मेले में पेशेवर खरीदारों की हिस्सेदारी 75 प्रतिशत से अधिक रही। वहीं, प्रमुख खरीद कंपनियों की संख्या बढ़कर 502 और वैश्विक साझेदारों की संख्या 240 हो गई। मेले के दौरान मौके पर निर्यात के लिए 26.75 अरब अमेरिकी डॉलर के सौदों का इरादा जताया गया।
इस बार मेले में पारंपरिक विनिर्माण से स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग की ओर बढ़ते चीन की झलक भी देखने को मिली। प्रदर्शनी से लेकर व्यापारिक सेवाओं तक डिजिटल और स्मार्ट तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया गया। मेले में नए उत्पादों की संख्या में 8 प्रतिशत, जबकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित उत्पादों की संख्या में 14.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। पहली बार नए उत्पादों की लॉन्चिंग, स्मार्ट हेल्थ और डिजाइन नवाचार जैसे विषयों पर विशेष प्रदर्शनी क्षेत्र बनाए गए।
इसके साथ ही, एआई तकनीक के व्यावहारिक इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया गया। कैंटन मेला ऐप का इस्तेमाल 5.77 लाख लोगों ने किया। पहली बार खाना पकाने वाले रोबोट भी पेश किए गए। वहीं, स्मार्ट ऑर्डरिंग सिस्टम की मदद से एक दिन में रिकॉर्ड 1.39 लाख भोजन परोसे गए।
दूसरी ओर, मेले में हरित तकनीक और पर्यावरण अनुकूल उत्पादन पर भी खास जोर दिया गया। करीब 43.1 प्रतिशत प्रदर्शक कंपनियों ने हरित उत्पादन के तरीकों को अपनाया, जबकि हरित उत्पादों की हिस्सेदारी 26 प्रतिशत रही, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। भविष्य के 18 उभरते उद्योग क्षेत्रों में से छह का संबंध सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा जैसी नई ऊर्जा तकनीकों से था।
इसके अलावा, हरित प्रदर्शनी को बढ़ावा देने के लिए मॉड्यूलर निर्माण का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों की संख्या में 85 प्रतिशत और इससे जुड़े प्रदर्शनी क्षेत्र में 91 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। पूरे प्रदर्शनी परिसर में 100 प्रतिशत हरित बिजली का इस्तेमाल किया गया। इस तरह, मेले में हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
गौरतलब है कि 141वां कैंटन मेला 15 अप्रैल से 5 मई 2027 तक चीन के क्वांगचो शहर में आयोजित किया जाएगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

