Samachar Nama
×

12 साल पुराने भरोसे ने दिया धोखा: नोएडा में चालक ने उड़ाए 9 लाख, पुलिस ने किया गिरफ्तार

12 साल पुराने भरोसे ने दिया धोखा: नोएडा में चालक ने उड़ाए 9 लाख, पुलिस ने किया गिरफ्तार
12 साल पुराने भरोसे ने दिया धोखा: नोएडा में चालक ने उड़ाए 9 लाख, पुलिस ने किया गिरफ्तार

नोएडा, 20 जुलाई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर-20 पुलिस ने महज दो दिन के भीतर 9 लाख रुपये की चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी 9 लाख रुपये की नकद धनराशि और एक अवैध चाकू बरामद किया है। अवैध चाकू मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। इस कार्रवाई को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल पुत्र सत्यभान निवासी ग्राम नादा वाजिदपुर, थाना रोरावर, जिला अलीगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 34 वर्ष है और वह 5वीं कक्षा तक शिक्षित है। पुलिस ने उसे नोएडा के लाल पैथ लैब के सामने स्थित पार्क से गिरफ्तार किया। घटना 18 जुलाई की है। अलीगढ़ निवासी पीड़ित अपने परिवार के साथ नोएडा के एक मॉल में खरीदारी करने आए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी कार और चालक कपिल को बाहर ही छोड़ा था।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान चालक ने कार में रखा 9 लाख रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय खुफिया तंत्र की सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 20 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई पूरी 9 लाख रुपये की नकद राशि बरामद कर ली गई। इसके अलावा उसके पास से एक अवैध चाकू भी मिला।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब 12 वर्षों से पीड़ित के यहां चालक के रूप में काम कर रहा था। लंबे समय से परिवार का भरोसेमंद कर्मचारी होने के बावजूद जब उसने कार में बड़ी मात्रा में नकदी देखी तो उसके मन में लालच आ गया और उसने चोरी करने का फैसला कर लिया।

हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी ज्यादा समय तक कानून से बच नहीं सका। थाना सेक्टर-20 पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल चोरी की वारदात का सफल खुलासा हुआ, बल्कि पीड़ित की पूरी धनराशि भी सुरक्षित बरामद कर ली गई। इस मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम

Share this story

Tags