जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से तबाही, 11 की मौत; पुंछ में मलबे में दबा पूरा परिवार, वीडियो में जाने उत्तराखंड में भी भूस्खलन से केदारनाथ यात्रा प्रभावित
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने भीषण तबाही मचा दी है। शनिवार रात पुंछ और किश्तवाड़ जिलों में बादल फटने और उसके बाद आई बाढ़ व भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि सैकड़ों वाहन बाढ़ की चपेट में आ गए। उधर, उत्तराखंड में भी लगातार बारिश के कारण भूस्खलन होने से केदारनाथ यात्रा प्रभावित हुई है और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर घोड़े-खच्चरों की सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं।
पुंछ में मलबे में दबा मकान, 2 साल के मासूम समेत 5 की मौत
सबसे दर्दनाक घटना जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में हुई, जहां भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन से एक मकान पूरी तरह मलबे में दब गया। हादसे के समय घर में आठ लोग मौजूद थे। राहत एवं बचाव दल ने मलबे से अब तक 2 साल के मासूम सहित 5 लोगों के शव बरामद किए हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर बचाव अभियान चला रहे हैं।
किश्तवाड़ में बादल फटा, घरों और खेतों को भारी नुकसान
किश्तवाड़ जिले के सुर्नू क्षेत्र में शनिवार रात बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने कई घरों और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचाया। तेज बहाव के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। कई इलाकों में सड़क संपर्क भी बाधित हो गया है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है।
राजौरी में उफान पर धारहाल नदी, 200 से ज्यादा वाहन बहे
भारी बारिश का असर राजौरी जिले में भी देखने को मिला। यहां धारहाल नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से नदी किनारे खड़े करीब 200 से 250 वाहन तेज बहाव में बह गए। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी और नालों के आसपास न जाने की अपील की है तथा सतर्क रहने की सलाह दी है।
उत्तराखंड में भी बारिश का कहर, केदारनाथ यात्रा प्रभावित
जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ उत्तराखंड में भी लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। शनिवार को केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन होने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर घोड़े-खच्चरों की सेवाएं रोक दीं। इसके चलते कई श्रद्धालुओं को रास्ते में ही रुकना पड़ा।इसी दौरान कैलाश-मानसरोवर यात्रा पर निकला यात्रियों का एक जत्था भी खराब मौसम और मार्ग अवरुद्ध होने के कारण आगे नहीं बढ़ सका। प्रशासन हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहा है और लगातार रास्तों की निगरानी की जा रही है।
राहत और बचाव कार्य जारी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

