Samachar Nama
×

बड़े पर्दे पर घर जैसा फील होने में सिर्फ 100 दिन शेष, राजश्री ने किया 'ये प्रेम मोल लिया' का काउंटडाउन

बड़े पर्दे पर घर जैसा फील होने में सिर्फ 100 दिन शेष, राजश्री ने किया 'ये प्रेम मोल लिया' का काउंटडाउन
बड़े पर्दे पर घर जैसा फील होने में सिर्फ 100 दिन शेष, राजश्री ने किया 'ये प्रेम मोल लिया' का काउंटडाउन

मुंबई, 19 अगस्त (आईएएनएस)। मशहूर निर्देशक सूरज बड़जात्या की फिल्मों में भव्य शादियों, गहरे पारिवारिक रिश्तों और सादगीपूर्ण प्रेम कहानियों का सुंदर मेल देखने को मिलता है। इसी परंपरा को बरकरार रखते हुए निर्देशक म्यूजिकल फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' लेकर आ रहे हैं।

बुधवार को फिल्म के निर्माता, राजश्री प्रोडक्शन हाउस, ने इंस्टाग्राम के माध्यम से फिल्म का काउंटडाउन किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक घड़ी की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "बड़े पर्दे पर घर जैसा फील होने में सिर्फ 100 दिन बाकी हैं। हिमेश रेशमिया का म्यूजिकल, आयुष्मान खुराना और शरवरी स्टारर 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर से सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।"

सूरज बड़जात्या की फिल्में शुद्ध पारिवारिक, भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़ी होती हैं, जिन्हें बिना किसी फूहड़ता या हिंसा के पूरा परिवार साथ बैठकर देख सकता है। बहुप्रतीक्षित पारिवारिक और म्यूजिकल फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा, उनके साथ अनुपम खेर, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन और सुप्रिया पाठक सह-कलाकार के रूप में नजर आएंगे।

राजश्री प्रोडक्शन हाउस और महावीर जैन फिल्म्स मिलकर फिल्म के निर्माण कार्य का काम संभाला है। दिलचस्प बात ये है कि इस फिल्म के जरिए 12 साल बाद पर्दे पर 'प्रेम' नाम के किरदार की वापसी हो रही है।

फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और वर्तमान में यह पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में है। हालांकि, कुछ समय पहले अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया के जरिए शूटिंग खत्म होने की जानकारी दी थी। हिमेश रेशमिया ने फिल्म का संगीत दिया, जो 12 साल बाद सूरज बड़जात्या के साथ फिर जुड़े हैं।

दोनों की आखिरी पार्टनरशिप 2014 की फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' में थी, जिसमें सलमान खान, सोनम कपूर, नील नितिन मुकेश, स्वरा भास्कर, अनुपम खेर और दूसरे एक्टर्स ने अहम रोल निभाए थे। यह फिल्म अपनी भव्यता, पारंपरिक उत्सवों और पारिवारिक मूल्यों के संदेश के लिए जानी जाती है।

इसका टाइटल ट्रैक और अन्य गाने काफी लोकप्रिय हुए थे। बॉक्स ऑफिस पर भी इस फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया था। साल 2015 की सबसे सफल फिल्मों में शामिल रही।

--आईएएनएस

एनएस/एएस

Share this story