Samachar Nama
×

'रामायण: पार्ट 1' देखकर हेमा मालिनी हुईं हैरान, बोलीं- स्पेशल इफेक्ट्स देखकर थम सी गईं सांसें

'रामायण: पार्ट 1' देखकर हेमा मालिनी हुईं हैरान, बोलीं- स्पेशल इफेक्ट्स देखकर थम सी गईं सांसें
'रामायण: पार्ट 1' देखकर हेमा मालिनी हुईं हैरान, बोलीं- स्पेशल इफेक्ट्स देखकर थम सी गईं सांसें

मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री हेमा मालिनी ने हाल ही में फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' देखी। फिल्म देखने के बाद वह खुद को तारीफ करने से रोक नहीं पाईं। उन्होंने न सिर्फ फिल्म के कलाकारों की जमकर सराहना की, बल्कि फिल्म की कहानी और सिनेमाघरों में दर्शकों को मिल रहे प्यार पर भी अपनी खुशी जाहिर की।

हेमा मालिनी का कहना है कि यह फिल्म दर्शकों को एक अलग ही दुनिया में ले जाती है, जहां वे खुद को कहानी का हिस्सा महसूस करते हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "मैंने फिल्म 'रामायण- द मूवी' का नया वर्जन देखा।

उन्होंने आगे लिखा, "रामायण एक ऐसी कहानी है, जिसकी कहानी छोटे-छोटे बच्चों को भी पता है, इसलिए मैं बिना किसी उम्मीद के फिल्म देखने गई थी। मुझे लगा कि रामायण की कहानी में क्या ही नया डाल सकते हैं, लेकिन फिल्म देखकर मैं हैरान रह गई। इसकी प्रस्तुति बहुत ही शानदार थी। इसके स्पेशल इफेक्ट्स इतने जबरदस्त थे कि मेरी सांसें थम सी गईं। फिल्म में कलाकारों का चुनाव भी बिल्कुल सही किया गया है।"

अभिनेत्री ने दर्शकों के रिएक्शन के बारे में बात करते हुए लिखा, "दर्शकों का रिएक्शन देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे वो किसी और ही दौर में पहुंच गए हों और कहानी के साथ-साथ खुद भी उसमें शामिल हो गए हों। सच में, फिल्म में नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल ही सबसे बड़ा फर्क लेकर आया। भारतीय दर्शकों के लिए यह एक बिल्कुल अलग और यादगार अनुभव था।"

नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित फिल्म 'रामायण' को सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। फिल्म 'रामायण पार्ट 1' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। अब दर्शकों को फिल्म के दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार है, जो कि साल 2027 में दीपावली के मौके पर रिलीज होगा। वहीं, मनोरंजन जगत के कलाकार इसकी तारीफ करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा, फिल्ममेकर एस.एस. राजामौली, फिल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा, एटली समेत कई बड़े कलाकारों और फिल्ममेकर्स ने जमकर तारीफ की थी।

--आईएएनएस

एनएस/एएस

Share this story