Samachar Nama
×

विदेशी निवेशकों की वापसी से आर्थिक गतिविधियों में आएगी तेजी, निर्यात भी बढ़ेगा : ईएसी पीएम चेयरमैन

विदेशी निवेशकों की वापसी से आर्थिक गतिविधियों में आएगी तेजी, निर्यात भी बढ़ेगा : ईएसी पीएम चेयरमैन
विदेशी निवेशकों की वापसी से आर्थिक गतिविधियों में आएगी तेजी, निर्यात भी बढ़ेगा : ईएसी पीएम चेयरमैन

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) के चेयरमैन प्रो.एस.महेंद्र देव ने मंगलवार को कहा कि विदेशी निवेशकों की वापसी से घरेलू आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इससे निर्यात में भी इजाफा होगा।

राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित बीवाईएसटी जेआरडी टाटा ऑवर्ड्स 2026 के साइडलाइन में मीडिया से बातचीत में देव ने कहा कि हमें इस साल देश की विकास दर 7.3 प्रतिशत रहने की उम्मीद है और अगली तिमाही में यह 7.7 प्रतिशत रह सकती है। देश में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) वापस आ रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि देश को घरेलू निवेशकों के साथ विदेशी निवेशकों की भी आवश्यकता है। इससे निर्यात और अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और हमारे घरेलू निवेश को भी मदद मिलेगी।

देश के निर्यात में तेज उछाल को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में ईएसी-पीएम के चेयरमैन ने कहा कि हमने तेजी से देश के निर्यात में विविधता लाई है और हम वित्त वर्ष 2026-27 तक निर्यात को बढ़ाकर एक ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने की योजना बना रहे हैं।

बीवाईएसटी की संस्थापक और मैनेजिंग ट्रस्टी, लक्ष्मी वेंकटरमन वेंकटेशन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि मैं सभी उद्यमियों और मेंटर्स की सराहना करती हूं। खास तौर पर मुझे इस बात की खुशी है कि ये उद्यमी तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और हरियाणा से आए हैं। उन्हें दिल्ली आकर नितिन गडकरी जैसे उद्यमी सोच वाले व्यक्ति के हाथों ये पुरस्कार मिले हैं। गडकरी न केवल एक केंद्रीय मंत्री हैं, बल्कि उनके पास अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने, रोजगार पैदा करने और भारत के कोने-कोने में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कई बेहतरीन विचार भी हैं।

उन्होंने आगे कहा कि आज यहां एक शानदार आयोजन हुआ, जिसमें 400 लोग मौजूद थे, साथ ही भारत के अलग-अलग हिस्सों से 1,500 लोग भी हमारे साथ जुड़े। इस कारण मैं सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देती हूं। आज हमारे पास चार के बजाय 10 पुरस्कार विजेता थे, जो कि इस कार्यक्रम की एक खास बात रही।"

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags