'न्याय की जीत हुई', ताहिर हुसैन सजा मामले में सीएम रेखा गुप्ता ने किया कोर्ट के फैसले का स्वागत
नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली दंगा मामले में कोर्ट द्वारा पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन और अन्य 5 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाने के फैसले का स्वागता किया है।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि आईबी अधिकारी स्वर्गीय अंकित शर्मा हत्याकांड में न्यायालय द्वारा आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन और अन्य 5 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने का हम स्वागत करते हैं। आज दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी से जवाब चाहती है। ताहिर हुसैन को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया, लेकिन उसके बाद भी अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया उसके सपोर्ट में खड़े रहे! उसे बचाने की लगातार कोशिश करते रहे! आखिर क्यों? क्या अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता को बताएंगे? क्या उनकी शह पर ही ताहिर हुसैन जैसे लोगों ने दंगों की साजिश रची थी?
उन्होंने कहा कि आज न्याय की जीत हुई है। यह फैसला देश के हर नागरिक का कानून और न्यायपालिका पर विश्वास और मजबूत करता है।
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आज दिल्ली के ट्रायल कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के नेता ताहिर हुसैन को पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों में दंगा फैलाने और आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की बर्बर हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई है। आम आदमी पार्टी का असली चेहरा आज सामने आया है।
वहीं, भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा कि मेरा मानना है कि कानून ने अपना काम किया है और अंकित शर्मा के परिवार को आज कुछ राहत महसूस हो रही होगी। उन लोगों पर सवाल उठते हैं जिन्होंने ताहिर हुसैन को एक खास धर्म के नजरिए से देखा और उन्हें बेगुनाह दिखाने की कोशिश की। उन्हें 'बेनिफिट ऑफ डाउट' (संदेह का लाभ) देने की कोशिश की गई, यह मानकर कि सिर्फ इसलिए कि वह एक खास धर्म से थे, वह बेगुनाह ही होंगे।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और कांग्रेस पार्टी के सदस्यों के कामों को याद कीजिए। सोचिए कि उन्होंने उनका बचाव करने की कोशिश कैसे की। ताहिर हुसैन अरविंद केजरीवाल के करीबी सहयोगी थे, उनकी अपनी पार्टी के पार्षद थे। आज मैं इन लोगों से पूछता हूं कि क्या वे देश से माफी मांगेंगे?
बता दें कि कड़कड़डूमा कोर्ट ने 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में AAP के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को उम्रकैद की सज़ा सुनाई है।
--आईएएनएस
एमएस/

