नीट को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस, सीसीटीवी से चप्पे-चप्पे की होगी निगरानी
नोएडा, 20 जून (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को लेकर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों को अंतिम रूप दे दिया है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि जिले में कुल 23 परीक्षा केंद्रों पर नीट परीक्षा आयोजित की जाएगी। इनमें नोएडा जोन के 5 परीक्षा केंद्र, सेंट्रल नोएडा जोन के 11 परीक्षा केंद्र तथा ग्रेटर नोएडा जोन के 7 परीक्षा केंद्र शामिल हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाएगी। सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए किसी भी परीक्षार्थी को बिना जांच के प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल की टीमें भी परीक्षा केंद्रों के आसपास तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसीपी, एडीसीपी और डीसीपी स्तर के अधिकारी अपने-अपने जोन के परीक्षा केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। सभी अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस-प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 भी लागू कर दी है।
इसके तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं हो सकेगी। साथ ही फोटो कॉपी की दुकानों और अन्य गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जाएगी, जिससे परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनी रहे। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने प्रमुख मेट्रो स्टेशनों और बस स्टैंडों पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की हैं।
इन हेल्प डेस्कों के माध्यम से छात्रों और उनके अभिभावकों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने, यातायात संबंधी जानकारी प्राप्त करने तथा अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने, प्रवेश पत्र और निर्धारित दस्तावेज साथ रखने तथा परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि हजारों छात्र बिना किसी तनाव के अपनी परीक्षा दे सकें।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम

