Samachar Nama
×

बाजार से महंगी बास्केट क्यों खरीदना? घर पर रखी इन चीजों से मिनटों में बनाएं स्टाइलिश लॉन्ड्री बैग

बाजार से महंगी बास्केट क्यों खरीदना? घर पर रखी इन चीजों से मिनटों में बनाएं स्टाइलिश लॉन्ड्री बैग

घर की सफाई करने के बाद भी अगर कमरे में गंदे कपड़े इधर-उधर पड़े रहते हैं, तो पूरा कमरा बिखरा हुआ नजर आता है। कई घरों में गंदे कपड़े रखने के लिए अलग से लॉन्ड्री बास्केट नहीं होती, जिसकी वजह से कपड़ों को बार-बार समेटना पड़ता है।लेकिन अब आपको इसके लिए महंगा Laundry Basket खरीदने की जरूरत नहीं है। घर में पड़ी कुछ बेकार चीजों की मदद से आप खुद ही कम खर्च में एक मजबूत और खूबसूरत लॉन्ड्री बैग या बास्केट तैयार कर सकते हैं।पुराने अखबार, गत्ता, बेकार कपड़ा, पुराना बैग या प्लास्टिक के आटे-चावल वाले बैग जैसी चीजों को फेंकने के बजाय आप इनका दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे आप अपने कमरे में उपलब्ध जगह के हिसाब से छोटा या बड़ा बना सकते हैं।

गत्ते के डिब्बे से कैसे बनाएं Laundry Basket?

अगर आपके पास कोई मजबूत गत्ते का डिब्बा है, तो सबसे पहले उसे अपनी जरूरत के हिसाब से सही आकार में काट लें। अगर आप पुराने प्लास्टिक क्रेट या बास्केट का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसे अच्छी तरह साफ करें और यह जरूर जांच लें कि उसका बेस मजबूत है।इसके बाद बास्केट के आकार के हिसाब से कोई पुराना लेकिन मजबूत कपड़ा काटें। कपड़ा काटते समय किनारों की सिलाई के लिए थोड़ा एक्स्ट्रा कपड़ा जरूर रखें।

अब कपड़े को मजबूत धागे से सिलें और जरूरत के मुताबिक बास्केट के अंदर भी कपड़े की लाइनिंग लगाएं। ऊपर और नीचे के किनारों पर कपड़े को अच्छी तरह फिक्स करें, ताकि वह ढीला होकर बाहर न निकले।ऐसे आपका DIY Laundry Basket तैयार हो जाएगा, जिसमें आप रोज के गंदे कपड़े एक जगह रख सकते हैं।

पुराने प्लास्टिक बैग से भी बना सकते हैं Laundry Bag

अगर आपके पास आटे या चावल का कोई मजबूत और खाली प्लास्टिक बैग पड़ा है, तो उसका भी इस्तेमाल किया जा सकता है।सबसे पहले बैग के आकार के हिसाब से किसी पुरानी बेडशीट, कुर्ती या दुपट्टे का कपड़ा काट लें। इसके बाद नीचे का हिस्सा मजबूत करने के लिए उसी आकार का कार्डबोर्ड या गत्ता काटकर लगा सकते हैं। इससे बैग नीचे से मजबूत रहेगा और खड़ा भी रह सकेगा।अब प्लास्टिक बैग और अंदर लगाए जाने वाले कपड़े को सही तरीके से सिलकर या मजबूत तरीके से जोड़कर बेलनाकार या अपनी पसंद का आकार दें। किनारों को अच्छी तरह फिक्स करें ताकि कपड़े रखने के बाद बैग फटे या ढीला न पड़े।

इस DIY आइडिया का फायदा

इस तरह घर की बेकार चीजों को दोबारा इस्तेमाल करके आप कम खर्च में Laundry Basket तैयार कर सकते हैं। इससे गंदे कपड़ों के लिए एक तय जगह मिल जाएगी और कमरे को बार-बार व्यवस्थित करने की परेशानी भी कम होगी।बस ध्यान रखें कि इस्तेमाल किया जाने वाला गत्ता, प्लास्टिक बैग और कपड़ा मजबूत और साफ हो, ताकि ज्यादा कपड़े रखने पर बास्केट खराब न हो।

Share this story

Tags