चेहरे की चमक बढ़ाने के लिए ट्राई करें ग्रीन टी फेस टोनर, घर पर बनाना है बेहद आसान
हर कोई चाहता है कि उसकी त्वचा साफ, हेल्दी और ग्लोइंग नजर आए। लेकिन प्रदूषण, धूल-मिट्टी, अनियमित लाइफस्टाइल और खराब खानपान का असर त्वचा पर भी पड़ता है। इससे चेहरा बेजान और थका हुआ नजर आने लगता है।ऐसे में लोग अक्सर महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, कुछ लोग घरेलू नुस्खों को भी स्किन केयर रूटीन में शामिल करते हैं। ग्रीन टी से बना फेस टोनर भी ऐसा ही एक घरेलू विकल्प है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को ताजगी देने में मदद कर सकते हैं और स्किन को फ्रेश लुक दे सकते हैं।
ग्रीन टी टोनर बनाने के लिए सामग्री
- 1-2 ग्रीन टी बैग या 1 चम्मच ग्रीन टी
- 1 कप पानी
- 1-2 चम्मच गुलाब जल
कैसे बनाएं ग्रीन टी फेस टोनर?
सबसे पहले एक बर्तन में पानी उबालें। इसमें ग्रीन टी बैग या ग्रीन टी की पत्तियां डालकर करीब 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद चाय को छानकर पूरी तरह ठंडा होने दें।
अब इसमें गुलाब जल मिलाएं और अच्छी तरह मिक्स कर लें। तैयार मिश्रण को एक साफ स्प्रे बोतल में भरकर रख सकते हैं। इसे फ्रिज में रखें और साफ-सफाई का ध्यान रखते हुए इस्तेमाल करें।
चेहरे पर कैसे करें इस्तेमाल?
टोनर लगाने से पहले चेहरे को किसी माइल्ड फेसवॉश या साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद चेहरे को हल्के हाथों से सुखाएं और ग्रीन टी टोनर को चेहरे पर स्प्रे करें।
अगर स्प्रे बोतल नहीं है तो कॉटन की मदद से भी इसे चेहरे पर लगाया जा सकता है। टोनर को कुछ देर त्वचा पर सूखने दें। इसके बाद चेहरे पर मॉइस्चराइजर लगा लें, ताकि त्वचा की नमी बनी रहे।
ग्रीन टी टोनर से क्या फायदे हो सकते हैं?
ग्रीन टी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं। इसके इस्तेमाल से चेहरे पर फ्रेशनेस महसूस हो सकती है और त्वचा का लुक बेहतर नजर आ सकता है। कुछ लोगों को यह ऑयली और मुंहासे वाली त्वचा में भी मददगार लग सकता है।
हालांकि, किसी भी घरेलू नुस्खे को चेहरे पर इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर त्वचा पर जलन, लालिमा या खुजली हो तो इसका इस्तेमाल बंद कर दें।

